रांची-पटना एनएच पर आग का गोला बना कंटेनर, ड्राइवर ने कूद कर बचाई जान

    रांची-पटना एनएच पर आग का गोला बना कंटेनर, ड्राइवर ने कूद कर बचाई जान

    रामगढ़ (TNP Desk) : रांची-पटना नेशनल हाईवे- 33 पर एक कंटेनर में अचानक आग लग गई. आज इतनी तेजी थी कि देखते ही देखते पूरा कंटेनर जलकर राख हो गया. घटना सोमवार की देर रात की बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि गुरुग्राम से ओडिशा जा रहे कंटेनर में आग रामगढ़ जिले के कुजू ओपी क्षेत्र में श्रीराम चौक पर लगी है. इस कंटेनर में मारुति सुजुकी कंपनी के पार्ट्स थे, जो जलकर खाक हो गया.

    घंटों मशक्कत के बाद बुझी आग

    घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने फायर ब्रिगेड की टीम और ग्रामीणों के सहयोग से घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका. कुजू ओपी प्रभारी दिगंबर पांडे ने बताया कि आग लगने के कारण गाड़ी के अंदर से तेज आवाज आने लगी थी जिसके बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने के लिए रेत और घास फेंकना शुरू किया. लेकिन आग कम होने का नाम नहीं ले रही थी. हादसे में केबिन पूरी तरह जलकर खाक हो चुका है.

    चालक ने दी जानकारी-कैसे लगी आग?

    घटना के बाद कंटेनर के चालक मो कासिम ने बताया कि इस हादसे में उसने बड़ी मुश्किल से अपनी जान बचाई है. उसने कहा कि चलती गाड़ी में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ. स्टेयरिंग के पास अचानक चिंगारी निकलने लगी. चिंगारी पर काबू पाने का काफी प्रयास किया गया, लेकिन कुछ देर बाद चिंगारी भड़क गई और उसने भीषण आग का रूप ले लिया. आग से कंटेनर का केबिन पूरी तरह धुएं से भर गया.



    Related News