देवघर में NIA-ATS का बड़ा एक्शन: हथियार तस्करी नेटवर्क से जुड़े दो संदिग्धों को दबोचा

    देवघर में NIA-ATS का बड़ा एक्शन: हथियार तस्करी नेटवर्क से जुड़े दो संदिग्धों को दबोचा

    देवघर (DEOGHAR): जिले में सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हथियार तस्करी के संदेह में दो युवकों को हिरासत में लिया है. गुरुवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और झारखंड ATS की संयुक्त टीम ने शहर के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर यह कार्रवाई की. फिलहाल दोनों संदिग्धों से नगर थाना में गहन पूछताछ जारी है.

    सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय एजेंसियों को देवघर में अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़े कुछ ठोस इनपुट मिले थे. इसी के आधार पर स्थानीय पुलिस के सहयोग से सर्च ऑपरेशन चलाया गया. टीम ने सबसे पहले नंदन पहाड़ के पास स्थित नंदी नगर इलाके में दबिश दी, जहां से एक युवक को हिरासत में लिया गया. बताया जा रहा है कि वह अपने रिश्तेदार के घर पर ठहरा हुआ था.

    इसके बाद टीम ने दूसरी कार्रवाई भुरभुरा मोड़ के पास की, जहां से एक अन्य संदिग्ध को पकड़ा गया. दोनों को तुरंत नगर थाना लाया गया, जहां उनसे अलग-अलग पूछताछ की जा रही है. प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि नंदी नगर से पकड़ा गया युवक मूल रूप से आरा का रहने वाला है. उसके पिता देवघर के एक निजी स्कूल में वाहन चालक के रूप में कार्यरत हैं. परिवार फिलहाल कुंडा थाना क्षेत्र के चितोलोढ़िया इलाके में रह रहा है. युवक पिछले कुछ दिनों से अपने ननिहाल में ठहरा हुआ था.

    इस कार्रवाई के बाद शहर में हलचल बढ़ गई है. हालांकि, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एजेंसियों की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इन युवकों का संबंध किसी बड़े नेटवर्क से तो नहीं है.



    Related News