जमशेदपुर में दिनदहाड़े बड़ी चोरी, टाटा स्टीलकर्मी के घर से नकद और लाखों के गहने गायब

    जमशेदपुर में दिनदहाड़े बड़ी चोरी, टाटा स्टीलकर्मी के घर से नकद और लाखों के गहने गायब

    जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है. अमल संघ के पास स्थित एक क्वार्टर को निशाना बनाकर चोरों ने नकद रुपये और लाखों के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. चोरी की यह घटना क्वार्टर नंबर L4/39 में हुई. यहां टाटा स्टीलकर्मी राकेश कुमार झा रहते हैं. राकेश कुमार झा अपने परिवार के साथ शादी में शामिल होने अपने गांव गए थे. घर की सुरक्षा और देखरेख के लिए उन्होंने चाबी अपने एक परिचित रिश्तेदार को सौंप दी थी. रविवार सुबह करीब 8 बजे रिश्तेदार घर बंद कर ड्यूटी पर चला गया. इसी दौरान बंद घर से चोरों ने चोरी की. चोर पीछे के रास्ते से घर में घुसे और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया. इसके बाद उन्होंने अलमारी का लॉक तोड़ दिया और घर में रखे करीब 10 से 12 हजार रुपये नकद तथा लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने चोरी कर फरार हो गए.

    शाम में घर लौटे तो हुई जानकारी

    शाम करीब 4 बजे राकेश कुमार झा परिवार के साथ गांव से लौटे, तो घर की हालत देखकर दंग रह गए. पीछे का दरवाजा टूटा हुआ था, अलमारी खुली पड़ी थी और कमरे में सामान बिखरा हुआ था. घर के अंदर चोरी की वारदात देख परिवार के होश उड़ गए. घटना की सूचना पर सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने पूरे घर की जांच की. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की. पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. ताकि चोरों की पहचान की जा सके. स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह चोरी होना चिंता का विषय है. लोगों ने इलाके में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है. घटना ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.



    Related News