सिमडेगा(SIMDEGA): जिले में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. मारपीट के एक पुराने मामले में करीब 29 सालों से फरार चल रहे स्थायी वारंटी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ बैजू उरांव ने बताया कि आरोपी शेख पहलवान मियां लंबे समय से फरार था. गिरफ्तारी से बचने के लिए वह राज्य छोड़कर ओडिशा चला गया था.
पुलिस के अनुसार, ओडिशा में रहते हुए आरोपी एक ओर हत्या के मामले में भी जेल जा चुका था. बाद में जमानत मिलने के बाद वह दोबारा सिमडेगा क्षेत्र में लौट आया. उसकी वापसी की सूचना मिलते ही पुलिस सतर्क हो गई और उसकी तलाश तेज कर दी गई. सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
एसडीपीओ ने बताया कि जिले में लंबे समय से फरार आरोपियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया है. उन्होंने कहा कि कानून से बचकर भाग रहे आरोपियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
इस गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, क्योंकि इतने लंबे समय से फरार आरोपी को पकड़ना एक चुनौतीपूर्ण था. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए ऐसे अभियानों को लगातार जारी रखा जाएगा.
Thenewspost - Jharkhand
4+


