जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के टाटानगर रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में एक युवक को भारी मात्रा में गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया है. विशेष अभियान के तहत हुई इस कार्रवाई में करीब 15 किलो अवैध गांजा बरामद किया गया. जानकारी के अनुसार रेलवे सुरक्षा एजेंसियां इन दिनों स्टेशन और ट्रेनों में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चला रही हैं. इसी क्रम में बुधवार को टाटानगर स्टेशन परिसर में संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर जांच अभियान शुरू किया. प्लेटफॉर्म और स्टेशन के आसपास संदिग्ध लोगों की तलाशी के दौरान एक युवक की गतिविधि संदिग्ध लगी, जिसके बाद उसे रोककर पूछताछ की गई. तलाशी के दौरान उसके बैग से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ. पकड़े गए युवक की पहचान राहुल यादव के रूप में हुई है. राहुल बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया का रहने वाला है. रेल पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है.
ओडिशा से बिहार ले जा रहा था गांजा
पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि वह गांजा ओडिशा के संबलपुर से लेकर बिहार जा रहा था. इसी बीच वह टाटानगर स्टेशन पर ही सुरक्षा बलों के हत्थे चढ़ गया. तलाशी के दौरान उसके बैग से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ. बरामद मादक पदार्थ का वजन करीब 15 किलो बताया गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां अब यह जांच कर रही हैं कि आरोपी किसी बड़े गिरोह से जुड़ा है या नहीं. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि तस्करी का नेटवर्क किन-किन राज्यों तक फैला हुआ है. इस कार्रवाई में रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया. अधिकारियों का कहना है कि रेलवे परिसर को अपराधमुक्त और सुरक्षित बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे. गिरफ्तार आरोपी पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है.

