जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में शनिवार को महाराणा प्रताप की जयंती धूमधाम से मनाई गई. इस मौके पर झारखंड क्षत्रिय युवा संघ की ओर से भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया. साकची स्थित मरीन ड्राइव गोलचक्कर पर यह कार्यक्रम आयोजित हुआ. कार्यक्रम में समाज के लोगों, युवाओं और संघ के पदाधिकारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और महाराणा प्रताप को श्रद्धापूर्वक याद किया. आयोजन के दौरान पूरे माहौल में देशभक्ति और समाजिक एकता की भावना देखने को मिली. गोलचक्कर पर स्थापित महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत संगोष्ठी से हुई, जिसमें विभिन्न वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के जीवन और उनके संघर्षों पर विस्तार से चर्चा की.
राष्ट्र निर्माण में भागीदारी करें सुनिश्चित
कार्यक्रम के वक्ताओं ने कहा कि महाराणा प्रताप ने विपरीत परिस्थितियों में भी कभी आत्मसमर्पण नहीं किया. उन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया. उनका जीवन साहस, स्वाभिमान और देशप्रेम का सबसे बड़ा उदाहरण है. वक्ताओं ने युवाओं से आह्वान किया कि वे महाराणा प्रताप के आदर्शों को अपनाकर समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें. महाराणा प्रताप केवल एक महान योद्धा ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और स्वाभिमान के प्रतीक हैं. उनकी जयंती समाज को एकजुट करने और युवाओं में सकारात्मक सोच विकसित करने का अवसर प्रदान करती है. संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि नई पीढ़ी अपने इतिहास और महापुरुषों के योगदान से परिचित हो सके.
लोगों ने दी श्रद्धांजलि
संगोष्ठी के बाद महाराणा प्रताप की प्रतिमा एवं चित्र पर माल्यार्पण किया गया. उपस्थित लोगों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया. कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों की भागीदारी रही. इस अवसर पर झारखंड क्षत्रिय युवा संघ की ओर से सेवा शिविर का भी आयोजन किया गया. शिविर के माध्यम से जरूरतमंद लोगों के बीच सेवा कार्य किए गए और समाजसेवा का संदेश दिया गया. भाजपा नेता अभय सिंह, समाजसेवी शिव शंकर सिंह, चंद्रगुप्त सिंह आदि ने श्रद्धांजलि दी.

