लातेहार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 एकड़ में फैली अवैध अफीम की खेती नष्ट, तस्करों की तलाश तेज

    लातेहार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 एकड़ में फैली अवैध अफीम की खेती नष्ट, तस्करों की तलाश तेज

    लातेहार (LATEHAR): लातेहार पुलिस ने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए हेरहंज थाना क्षेत्र में की जा रही अफीम की अवैध खेती को पूरी तरह खत्म कर दिया है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर चल रहे विशेष अभियान के तहत अंजाम दी गई है.

    दुर्गम वन क्षेत्र में हो रही थी अवैध खेती
    पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हेरहंज थाना क्षेत्र के पंडारम और मारी गांव के बीच स्थित घने वन इलाके में बड़े पैमाने पर पोस्ते की खेती की जा रही है. सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से सोमवार को अभियान चलाया और मौके पर छापेमारी की.

    ट्रैक्टर से नष्ट की गई फसल
    छापेमारी के दौरान पुलिस ने लगभग तीन एकड़ जमीन में लहलहा रही अफीम की फसल को ट्रैक्टर की मदद से नष्ट कर दिया है. कार्रवाई के बाद पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में अवैध खेती में शामिल न हों.

    ग्रामीणों से सहयोग की अपील
    पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि अफीम की खेती कानूनन गंभीर अपराध है और इससे समाज, खासकर युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ता है. उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी वन भूमि या अन्य क्षेत्रों में इस तरह की अवैध खेती की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें.

    तस्करों की पहचान में जुटी पुलिस
    कार्रवाई के बाद लातेहार पुलिस अब उन लोगों की पहचान करने में जुटी है, जो वन भूमि का गलत इस्तेमाल कर अफीम की अवैध खेती कर रहे थे. पुलिस ने साफ कहा है कि जिले में नशे से जुड़े किसी भी गैरकानूनी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह का अभियान लगातार जारी रहेगा.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news