रांची (RANCHI): झारखंड के खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र स्थित तिमड़ा गांव में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया. शुक्रवार रात हुई गोलीबारी की घटना में 55 वर्षीय सुकरा महतो की मौत हो गई, जबकि उनका 19 वर्षीय बेटा अर्जुन महतो गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स), रांची भेजा गया है.
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 8 बजे सुकरा महतो अपने घर में स्थित किराना दुकान पर परिवार के साथ बैठे थे. इसी दौरान दो हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे और अचानक गोलीबारी शुरू कर दी. अपराधियों ने सबसे पहले सुकरा महतो के छोटे बेटे अर्जुन महतो को निशाना बनाया. अर्जुन ने बचने की कोशिश की, लेकिन गोली उसके दाहिने हाथ में लग गई.
इसके बाद हमलावरों ने कुर्सी पर बैठे सुकरा महतो के सीने में गोली मार दी. गोली लगते ही घर में अफरा-तफरी मच गई. इसी बीच दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए. घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग दोनों घायलों को तुरंत कर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. वहां डॉक्टरों ने सुकरा महतो को मृत घोषित कर दिया, जबकि अर्जुन महतो की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रिम्स रांची रेफर कर दिया गया.
मृतक के बड़े बेटे नारायण महतो ने बताया कि उनका परिवार वर्ष 2013 से तिमड़ा गांव में अपने ससुराल में रह रहा है. उनके ससुर ने अपनी जमीन बेटी और दामाद के नाम कर दी थी. इसके बाद से ही गोतिया पक्ष के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. आरोप है कि इस विवाद को लेकर बाहरी लोगों को बुलाकर परिवार को डराने और धमकाने की कोशिश भी की जा रही थी.
नारायण महतो के मुताबिक हमलावरों का इरादा पूरे परिवार को निशाना बनाने का था. गोलीबारी के दौरान परिवार के सदस्य किसी तरह इधर-उधर भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे.
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. सूचना मिलने पर कर्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस पदाधिकारी अशोक कुमार सिंह और क्रिस्टोफर केरकेट्टा के नेतृत्व में टीम अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ने के लिए कार्रवाई तेज की जाएगी.
Thenewspost - Jharkhand
4+


