विदेश में फंसा झारखंड के मजदूर का शव, भारत लाने की प्रक्रिया अटकी


धनबाद(DHANBAD): सिंदरी मनोहर टांड़ निवासी 40 वर्षीय चंदेश्वर कुमार का पार्थिव शरीर सऊदी अरब के जेद्दा में रखा हुआ है. परिवार कई दिनों से उन्हें भारत लाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन एडी कोड की अनुपलब्धता के कारण प्रक्रिया अटकी हुई है. 12 फरवरी को मृत्यु की सूचना मिलने के बाद से परिजन लगातार बैंकों और प्रशासनिक दफ्तरों के चक्कर लगा रहे हैं.
चंदेश्वर 24 जुलाई 2025 को नौकरी के सिलसिले में जेद्दा गए थे, जहां वे अल जमील मेटल वर्क्स फैक्ट्री में कार्यरत थे. 10 जनवरी को उनकी घर वापसी निर्धारित थी और टिकट भी बुक था. उसी दिन परिजनों से उनकी आखिरी बातचीत हुई, जिसके बाद उनका फोन बंद हो गया। बाद में जेद्दा से जारी मृत्यु प्रमाण पत्र ने उनके निधन की पुष्टि की, जिससे परिवार शोकाकुल हो गया.
शव को स्वदेश लाने के लिए उनके भांजे साहिल ने एडी कोड की प्रक्रिया शुरू की. एक शाखा से दूसरी शाखा भेजे जाने के बावजूद समाधान नहीं निकला. अंत में उन्होंने धनबाद उपायुक्त से गुहार लगाई. उपायुक्त आदित्य रंजन ने श्रम विभाग को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया है.
एडी कोड, यानी ऑथराइज्ड डीलर कोड, विदेशी मुद्रा लेन-देन के लिए अधिकृत बैंक को दिया जाने वाला विशेष कोड है. विदेश से शव लाने में एयर कार्गो और अन्य भुगतान प्रक्रियाओं के लिए इसकी जरूरत पड़ती है. यह सुविधा आमतौर पर चुनिंदा अधिकृत शाखाओं में ही उपलब्ध होती है, जिससे छोटे शहरों में कठिनाई बढ़ जाती है.
4+