रांची(RANCHI): राज्य में स्वास्थ्य सुविधाएं लगातार बेहतर करने की दिशा में सरकार पहल कर रही है. सुविधाओं को आगे बढ़ाते हुए एयर एंबुलेंस सेवा की शुरुआत मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने किया है. अब राज्य के छह जिलों में अब एयर एंबुलेंस की सुविधा लोगों को मिल सकेगी. झारखंड के धनबाद,रांची, दुमका,बोकारो,जमशेदपुर और देवघर में एयर एंबुलेंस की सुविधा मिल सकेगी. एयर एंबुलेंस की सुविधा का शुभारंभ मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने एक कार्यक्रम के जरिए एयरपोर्ट स्तिथ स्टेट हेंगर में एयर एंबुलेंस फीता काट कर किया. साथ ही इसकी वेबसाइट भी लांच की गई.
झारखंड में पहली बार एयर एंबुलेंस की शुरुआत: सीएम
इस दौरान मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड में पहली बार एयर एंबुलेंस की शुरुआत की गई है. उन्होंने कहा कि आज स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक कड़ी जोड़ने का काम किया गया है. स्वास्थ्य को लेकर हमेशा विभिन्न माध्यमों से टीका टिप्पणी की जाती है. लेकिन हम आलोचना को अलग रख कर राज्य के स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने का काम कर रहे है. उन्होंने कहा कि झारखंड की स्वास्थ्य सुविधाएं अन्य राज्यो से कई गुना बेहतर है.
झारखंड एक ऐसा राज्य है जहां पहाड़,जंगल और शहर में भी लोग रहते है. लेकिन फिर भी हम पहाड़ से लेकर शहर तक स्वास्थ्य सेवा दे रहे हैं. हम सड़क पर सैकड़ों एम्बुलेंस चला रहे हैं. जिससे लोगों को स्वास्थ्य के क्षेत्र में कोई दिक्कत नहीं हो. उन्होंने कहा कि जहां चार चक्का एम्बुलेंस नहीं पहुंच पाती है वहां बाइक एम्बुलेंस की मदद ली जा रही है. अब और भी सैकड़ों एम्बुलेंस राज्य को मिलने जा रही है. रिम्स को लेकर कई खबरें चलती है कोर्ट संज्ञान लेते हैं बावजूद इसके हमने देश की सबसे अच्छी मशीनों को रिम्स में लगाया. इससे गरीब जनता को लाभ मिल रहा है.
जिनके पास पैसे नहीं है सरकार उनकी करेगी मदद
अब एयर एंबुलेंस शुरू की गई है तो इसके साथ ही राज्य के 200 से अधिक लोगों ने इसकी जानकारी वेबसाइट और मोबाइल नम्बर के जरिए दी गई है. इस एम्बुलेंस का लाभ लेने के लिए दर निर्धारित की गई है. लेकिन अगर किसी के पास पैसे नहीं भी हैं तो सरकार उन्हें मदद कर बेहतर इलाज के लिए अपने खर्च पर भेजने का काम करेगी. उन्होंने कहा कि एयर एंबुलेंस की शुरुआत करने के बाद भी अभी कई कड़ी को जोड़ने का काम किया जा रहा है. हम राज्य के स्वास्थ्य सुविधाओं को कैसे हाई टेक करे इस पर काम कर रहे हैं.
राज्य में बड़े पैमाने पर सड़क दुर्घटना में लोगों की जान जाती है. दुर्घटना में घायल लोगों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता है. इसके लिए सरकार काम कर रही है. हम ऐसी योजना बना रहे है जिसमें सड़क के किनारे जगह जगह हेली पैड का निर्माण करने की योजना है. जिससे लोगों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जाए.जिससे उसकी जान बच जाए.
आने वाले दिनों में झारखंड की स्वास्थ्य सुविधा और भी होगी बेहतर: बन्ना गुप्ता
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि आज झारखंड के स्वास्थ्य सुविधा में एक और आयाम जुड़ा है. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन राज्य के स्वास्थ्य सुविधा को सबसे बेहतर और हाई टेक करने में लगे है. राज्य में जिस तरह से स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने का काम किया जा रहा है. आने वाले दिनों में झारखंड की स्वास्थ्य सुविधाओं को और भी बेहतर किया जाएगा. उन्होंने कहा कि राज्य में कोरोना काल आया था तब भी हमारी सरकार ने राज्य की जनता को अन्य राज्यों के मुकाबले में झारखंड ने बेहतर काम किया.अब एयर एंबुलेंस मिल का पत्थर साबित होगा.
जानिए कैसे बुक होगी एयर एंबुलेंस
एयर एंबुलेंस बुक करने के लिए मंत्रिमंडल एवं निगरानी विभाग के पदाधिकारियों से संपर्क करना होगा.इसके लिए सरकारी की ओर से Email और मोबाइल नम्बर जारी किया गया है.अगर एयर एंबुलेंस सेवा की जरूरत पड़ती है तो आप 8210594073,0651 4665515 या फिर Email- [email protected] पर आवेदन दे सकते है.
कितना होगा शुल्क
रांची- नई दिल्ली- रांची - शुल्क पांच लाख
रांची- मुंबई- रांची सात लाख
रांची- चेन्नई- रांची 08 लाख रुपये
रांची- हैदराबाद- रांची 07 लाख
रांची- वाराणसी- रांची 03.30 लाख
रांची- लखनऊ - रांची पांच लाख
रांची- तिरुपति - रांची 08 लाख
इसके अलावा झारखंड के अन्य छह जिलों में एयर एंबुलेंस की सुविधा मिल सकेगी.जिसमें बोकारो,दुमका,जमशेदपुर, देवघर,धनबाद, और गिरिडीह से भी लाभ मिलेगा.इसके लिए निर्धारित दर से एक लाख दस हजार रुपये अतिरिक्त भुगतान करना होगा.यह शुल्क प्रति घन्टे के भुगतान करना होगा.
रिपोर्ट: समीर हुसैन
Thenewspost - Jharkhand
4+

