जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में हुए दिल दहला देने वाले तिहरे हत्याकांड के बाद आरोपी रविंद्र सिंह की मानसिक स्थिति को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं. पत्नी, बेटे और गर्भवती बेटी की हत्या करने के बाद उसने खुदकुशी की भी कोशिश की थी. हालांकि इसमें वह सफल नहीं हो पाया. हत्या करने के बाद रविंद्र सिंह ने घर के पर्दों में आग लगा दी थी. किचन का गैस सिलेंडर भी खोल दिया, ताकि पूरे घर में आग लग जाए. वह जलते पर्दों के पास काफी देर तक बैठा रहा, लेकिन उसकी कोशिश नाकाम रही. घटना के बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची तो रविंद्र सिंह बेहद विचलित हालत में मिला. वह लगातार एक ही बात दोहरा रहा था “हां, मैंने हत्या की… मुझसे गलती हो गई. पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे की असली वजह जानने में जुटी है. इस सनसनीखेज घटना से शहर स्तब्ध है. लोग अब भी यकीन नहीं कर पा रहे हैं कि एक पिता ने अपने ही परिवार को इतनी बेरहमी से खत्म कर दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
8 घंटे तक चलता रहा जांच
पुलिस ने जांच प्रक्रिया को गंभीरता से आगे बढ़ाया. जांच पूरी होने के बाद मृतका सरिता सिंह, बेटी सुप्रिया सिंह और पुत्र रविशेक सिंह के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. घटना की भयावहता को देखते हुए पुलिस, फॉरेंसिक टीम और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स ने करीब 8 घंटे तक घर के अंदर गहन जांच की. जांच के दौरान हत्या में इस्तेमाल किए गए टांगी और हथौड़े को बरामद कर लिया गया. पुलिस ने इन हथियारों पर मिले निशानों और आरोपी रविंद्र सिंह के फिंगरप्रिंट्स का मिलान कराया. इसके साथ ही आरोपी से पूरे घटनाक्रम का सीन रीक्रिएट भी कराया गया, ताकि हत्या की पूरी कड़ी को समझा जा सके. घर के हर कमरे की बारीकी से जांच की गई. फिंगर प्रिंट टीम ने कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं. इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल बना हुआ है.
पड़ोसियों को नहीं हो रहा विश्वास
घटना को लेकर पड़ोसी भी स्तब्ध है. पड़ोसियों का कहना था कि रात 10 बजे रवींद्र सिंह के घर में चहल पहल देखी गई थी. सरिता सिंह से कुछ लोगों की रात में बात भी हुई थी. सुबह जब घटना की जानकारी मिली तो यकीन नहीं हुआ. वही, घटना स्थल पर पहुंचे परिजनों का कहना था कि परिवार में किसी प्रकार का विवाद नहीं था. सब कुछ ठीक चल रहा था. रवींद्र सिंह ने क्यों ऐसा कदम उठाया ये बोला नहीं जा सकता. मृतका सुप्रिया सिंह के पति भी कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं थे.
ये है घटना
जानकारी हो कि सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के एग्रिको में टाटा स्टील के रिटायर्ड कर्मी रविंद्र सिंह ने सोमवार की सुबह अपनी पत्नी, गर्भवती बेटी और पुत्र की निर्मम हत्या कर दी. हथौड़ा और टांगी से उनकी हत्या की. सिदगोड़ा थाना पर प्रभारी फैज अहमद ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. हत्या का स्पष्ट कारण वह नहीं बता रहा है.

