शर्मनाक : जमशेदपुर में किसने 5 साल के मासूम को कुएँ में फेका! शव मिलते ही इलाके में हड़कंप, परिवार में मातम


जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के परसुडीह थाना अंतर्गत छोटा गोविंदपुर पंचायत भवन, बजरंगनगर के समीप रविवार रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जिसमें पांच वर्षीय बालक शिवम कैवर्तों की जान चली गई. बताया गया कि शिवम रविवार शाम लगभग पांच बजे अपने दोस्तों के साथ खेलने के लिए घर से निकला था.
शाम करीब छह बजे उसके सभी दोस्त अपने-अपने घर लौट गए, लेकिन शिवम वापस नहीं आया. देर शाम तक जब बच्चे का कोई पता नहीं चला तो परिजनों की बेचैनी बढ़ गई. पिता शिवनाथ कैवर्तों ने पहले आसपास के इलाकों में तलाश की, परंतु सफलता नहीं मिली. इसके बाद परसुडीह थाना पुलिस को सूचना दी गई.
कुएं के पास मिली चप्पल, बढ़ी चिंता
खोज के दौरान पंचायत भवन के समीप स्थित एक कुएं के पास शिवम की चप्पल पड़ी मिली, जिससे किसी अनहोनी की आशंका गहराने लगी. बताया जा रहा है कि यह कुआं लगभग 30 फीट गहरा है.
सूचना मिलने पर पुलिस ने टाटा स्टील के सुरक्षा कर्मी मजरुल बारी की मदद ली. रस्सी के सहारे वे कुएं में उतरे और तलाश शुरू की. करीब रात साढ़े नौ बजे शिवम का शव कुएं से बाहर निकाला गया. मासूम का शव बाहर आते ही वहां मौजूद लोगों की आंखें भर आईं.
इलाके में शोक का माहौल
इस दर्दनाक हादसे के बाद छोटा गोविंदपुर और बजरंगनगर क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है. मासूम की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय लोग भी घटना से गहरे सदमे में हैं.
परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. प्रारंभिक तौर पर पुलिस इसे दुर्घटना मान रही है, हालांकि हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है.
परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि खेलते समय बच्चा कुएं में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई. काफी प्रयासों के बाद रात में शव बरामद किया गया. उन्होंने कहा कि परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी. फिलहाल मामले की जांच जारी है.
4+