जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में आत्महत्या की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनती जा रही हैं. शुक्रवार देर रात और शनिवार के बीच शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो लोगों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. इनमें एक 51 वर्षीय महिला और एक 38 वर्षीय कारोबारी शामिल हैं. दोनों घटनाओं के बाद परिवारों में मातम पसरा हुआ है, जबकि पुलिस मामलों की जांच में जुट गई है.
पहली घटना जुगसलाई थाना क्षेत्र के एमई स्कूल रोड की है. यहां रहने वाले 38 वर्षीय कारोबारी देवानंद विश्वकर्मा ने शुक्रवार देर रात अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के समय उनकी बेटी घर पर मौजूद थी. पिता को फंदे से लटका देख उसने तत्काल परिजनों और पड़ोसियों को सूचना दी. इसके बाद लोगों की मदद से उन्हें नीचे उतारकर एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. परिजनों के अनुसार देवानंद विश्वकर्मा व्यवसाय से जुड़े थे और नशे के आदी बताए जाते थे. हालांकि उन्होंने यह कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है.
दूसरी घटना मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर रोड नंबर-15 स्थित आकाश ग्रीन अपार्टमेंट की है. यहां ए ब्लॉक के फ्लैट नंबर-504 में रहने वाली 51 वर्षीय गौरी नाग ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. बताया जाता है कि वह लंबे समय से मानसिक तनाव और परेशानियों से जूझ रही थीं. घटना के समय उनके पति और बेटी घर पर ही मौजूद थे. गौरी नाग अपने कमरे में गईं और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया. काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर परिजनों को शक हुआ. दरवाजा खोले जाने पर वह फंदे से लटकी मिलीं. मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया गया. लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने शहरवासियों की चिंता बढ़ा दी है.

