क्राइम कैपिटल बन रहा जमशेदपुर, मई में अपराधियों ने मचाया आतंक, जानिए ट्रैक रिकार्ड

    क्राइम कैपिटल बन रहा जमशेदपुर, मई में अपराधियों ने मचाया आतंक, जानिए ट्रैक रिकार्ड

    जमशेदपुर (JAMSHEDPUR):  जमशेदपुर में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है. शहर में सबसे ज्यादा स्नैचिंग की घटनाएं सामने आ रही हैं राह चलती महिलाओं के गले से चेन और पर्स छीनने की वारदातें आए दिन हो रही हैं. जबकि  घरों और दुकानों में चोरी की घटनाएं भी लगातार बढ़ रही हैं. शहर के विभिन्न इलाकों से बाइक चोरी की घटनाएं भी लगातार हो रही है. इसके अलावा चापड़बाजी की बढ़ती घटनाओं ने आम लोगों को दहशत में डाल दिया है. अपराधी खुलेआम हथियार लहराकर लोगों को डराने और हमला करने से भी नहीं हिचक रहे हैं. जबकि  फायरिंग की घटनाओं ने शहर की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. इतना ही नहीं, फर्जी पुलिसकर्मी बनकर और साधु के भेष में ठगी करने वाले गिरोह भी सक्रिय  हैं और लोगों को अपना निशाना बना रहे है. शहर में हत्या की कई सनसनीखेज घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं. लगातार बढ़ रहे अपराधों के कारण लोगों में असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है. लोग अब सवाल पूछ रहे हैं कि आखिर अपराधियों पर लगाम कब लगेगी और शहर में कानून का राज कब मजबूत होगा. 

    नए अधिकारियों के लिए क्राइम रोकना चुनौती 
    जमशेदपुर में बढ़ते अपराध के बीच पुलिस के नए अधिकारियों के सामने कानून-व्यवस्था को पटरी पर लाना बड़ी चुनौती बन गया है. शहर में हाल ही में सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी समेत लगभग सभी डीएसपी स्तर के अधिकारियों की नई नियुक्ति हुई है. ऐसे में उन्हें न केवल शहर की भौगोलिक और सामाजिक परिस्थितियों को समझना है, बल्कि अपराधियों के नेटवर्क और उनके तौर-तरीकों पर भी तेजी से पकड़ बनानी होगी.  नए अधिकारियों के लिए अपराध नियंत्रण के साथ-साथ लोगों का विश्वास जितना भी महत्वपूर्ण होगा. लोगों को उम्मीद है कि नए अधिकारी सख्त कार्रवाई, बेहतर गश्त और प्रभावी पुलिसिंग के जरिए अपराधियों पर नकेल कसेंगे और शहर में सुरक्षा का माहौल मजबूत करेंगे.

    नई गाड़ियां मिलीं, फिर भी पेट्रोलिंग पर उठ रहे सवाल
    जमशेदपुर पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था और गश्ती अभियान को मजबूत करने के लिए हाल ही में 51 नई बोलेरो और 89 मोटरसाइकिलें मिली हैं. उम्मीद थी कि शहर में पुलिस की मौजूदगी बढ़ेगी और अपराध पर प्रभावी अंकुश लगेगा. हालांकि, बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच आम लोगों का कहना है कि जमीनी स्तर पर पेट्रोलिंग व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं दिख रहा है. नई बोलेरो गाड़ियों को विभिन्न थानों में भेज दिया गया है, लेकिन कई नई मोटरसाइकिलें अब भी पुलिस लाइन में खड़ी हैं. लोगों का कहना है कि सभी संसाधनों का पूरी क्षमता से उपयोग किया जाए तो स्नैचिंग, चोरी, बाइक चोरी और अन्य अपराधों पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकेगा. 

    पुलिस को सफलता भी मिल रही
    शहर में लगातार बढ़ रही घटनाओं के बीच कई मामलों में पुलिस को सफलता भी मिली है. फायरिंग, हत्या, चोरी जैसे कई मामलों का खुलासा पुलिस ने किया है. जबकि स्नैचिंग की कई घटनाओं का उद्वेदन अब तक नहीं हो पाया है. हाल ही में सिर्फ एक ही स्नेचिंग के मामले में पुलिस ने दो अपराधियों को गिरफ्तार किया था. मई महीने में शहर में जितनी भी फायरिंग की घटनाएं हुई सभी मामलों में पुलिस को सफलता मिली है. 

    मई में शहर में हुई घटनाएं

    स्नैचिंग 

    2 मई - कदमा के उलीयान में अनीता चौधरी नामक महिला से स्नैचिंग

    4 मई - बिस्टुपुर के कीनन स्टेडियम के पास रिंकू ओझा नामक महिला से स्नैचिंग

    5 मई - जुगसलाई में अनिल नेव नामक बुजुर्ग से पुलिस के भेष में गहनों की ठगी

    6 मई - साकची में मंजू देवी नामक महिला से साधु के भेष में गहनों को ठगी

    11 मई - साकची के जीवन बैंक के पास पूनम ओझा नामक महिला से स्नैचिंग

    11 मई - कदमा के उलीयान में उत्पल कुमार दत्ता की पत्नी से स्नैचिंग

    12 मई - सिदगोड़ा में गोदावरी देवी नामक महिला से स्नैचिंग. 

    18 मई- साकची थाना क्षेत्र के रामलीला मैदान के पास एक महिला से स्नैचिंग के बाद फायरिंग

    21 मई- बिरसानगर के विजया गार्डेन के पास नवजोत कौर नामक महिला से स्नैचिंग

    21 मई - मानगो के महावीर कॉलोनी में महिला गीता पंडित से पर्स की छिनतई 

    फायरिंग

    3 मई - बिष्टुपुर के धतकीडीह में रंगदारी को लेकर फायरिंग.
     
    8 मई - टेल्को के मिश्रा बागान के पास फायरिंग.

    15 मई - जुगसलाई में रंगदारी के लिए यूनिक कलेक्शन नामक कपड़ा दुकान में फायरिंग.

    चोरी

    3 मई - सिदगोड़ा के टाटा स्टील के कर्मी राकेश ओझा के घर चोरी.

    11 मई - गोलमुरी के नामदा बस्ती ने रितेश कुमार सिंह के घर में चोरी.

    15 मई - उलीडीह के आदर्श नगर में अंचल रस्तोगी के घर चोरी.

    19 मई - सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भालूबासा में पीके पटनायक के घर चोरी.

    21 मई - मानगो थाना क्षेत्र के पारडीह में महेश सिंह के गल्ला दुकान में चोरी.

    चापड़बाजी

    2 मई: सिदगोड़ा के कृष्णा रोड में करम सिहं पर  चापड़ से हमला.

    15 मई: परसुडीह के कीताडीह निवासी मो तौसिफ की कपाली में चापड़ से हत्या.

    23 मई - बिरसानगर में मनीष सिंह नामक युवक पर चापड़ से हमला. 



    Related News