जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम जिला स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क और तैयार है. गर्मी से होने वाली बीमारियों, विशेषकर हीट स्ट्रोक के मामलों से निपटने के लिए सरकारी अस्पतालों में विशेष इंतजाम किए गए हैं. स्वास्थ्य विभाग द्वारा अलग से हीट स्ट्रोक केयर सेंटर स्थापित किए गए हैं, जहां गर्मी से प्रभावित मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जाएगा. फिलहाल जमशेदपुर स्थित सदर अस्पताल और बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दो-दो बेड वाले हीट स्ट्रोक केयर सेंटर शुरू किए गए हैं. इन केंद्रों में आवश्यक दवाएं, चिकित्सा उपकरण और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की व्यवस्था की गई है. इसके अलावा जिले के अस्पतालों में ओआरएस कॉर्नर भी बनाए गए हैं. यहां लोगों को निःशुल्क ओआरएस घोल उपलब्ध कराया जा रहा है. डिहाइड्रेशन और लू से बचाव में मदद मिलने के लिए यह कॉर्नर बनाया गया है. स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अत्यधिक गर्मी के दौरान सावधानी बरतने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, धूप में निकलने से बचने और किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की है. स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि गर्मी के मौसम में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
जिले के सिविल सर्जन डॉ साहिर पाल ने कहा कि फिलहाल दो सरकारी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक केयर सेंटर स्थापित किए गए है. ओआरएस कॉर्नर भी सरकारी अस्पतालों में बनाया गया है. अस्पतालों में आने वाले मरीज और लोगों के लिए पानी की व्यवस्था भी की गई है.
भीषण गर्मी झेल रहा शहर
जानकारी हो कि पिछले कुछ दिनों से शहर के अलावा पूरे जिले में भीषण गर्मी पड़ रही है. पिछले एक सप्ताह में आठ लोगों की लू लगने से मौत हुई है. चिलचिलाती धूप और उमस के कारण लोग गर्मी की मार झेल रहे हैं. जमशेदपुर शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है. सोमवार की शाम हुई झमाझम बारिश से रात में तो गर्मी से राहत मिली लेकिन सुबह होते ही गर्मी ने अपना प्रकोप फिर से दिखाना शुरू कर दिया. भीषण गर्मी के कारण दिन में सड़कों पर लोग कम दिखाई दे रहे हैं. हालांकि मंगलवार को भी मौसम विभाग ने आंधी के साथ बारिश होने की संभावना जताई है.

