जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के साकची बाजार में मंगलवार को एक महिला ठगी का शिकार हो गई. साधु के भेष में आए बदमाशों ने उसे झांसे में लेकर गहने ठग लिए. गोलमुरी केबुल टाउन में रहने वाली महिला मंजू देवी बाजार में खरीदारी करने आई थी. बसंत सिनेमा के पास दो संदिग्ध लोगों ने उसे रोका और खुद को साधु बताकर बातचीत शुरू की. दोनों ने महिला से पहले पानी मांगा. इस पर महिला ने दोनों को पानी पिलाया. फिर बदमाशों ने महिला को डराते हुए कहा कि उसके बेटे पर बड़ी मुसीबत आने वाली है. इस संकट को टालने के लिए उन्होंने विशेष पूजा कराने की बात कही और महिला को अपने झांसे में ले लिया. भय और अंधविश्वास के कारण महिला उनकी बातों में आ गई. इसके बाद बदमाशों ने पूजा के नाम पर उसके पहने हुए गहने उतरवा लिए और कुछ देर बाद वापस करने का भरोसा देकर मौके से फरार हो गए. जब काफी देर तक बदमाश नहीं लौटे, तब महिला को ठगी का एहसास हुआ. घटना के बाद पीड़िता ने साकची थाना में शिकायत दर्ज कराई है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है. इस घटना के बाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अजनबियों की बातों में न आएं और इस तरह के झांसे से सतर्क रहें. साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव ने बताया कि साधु के भेष में बदमाशों ने गहने ठगे हैं. महिला को बेटे पर मुसीबत आने की बात बोल उसे झांसे में लिया. मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

