जमशेदपुर: जमीन विवाद में बड़े भाई और भाभी की गोली मार हत्या, आरोपी ने किया सरेंडर

    जमशेदपुर: जमीन विवाद में बड़े भाई और भाभी की गोली मार हत्या, आरोपी ने किया सरेंडर

    जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के सिदगोड़ा में कभी रहने वाले एक दंपति की जमीन विवाद में गोलीमार कर हत्या कर दी गई. यह घटना पंजाब के गुरदासपुर जिले के काहनूवान थाना के नैनेकोट गांव में हुई है. लंबे समय से चल रहे पैतृक संपत्ति के विवाद में एक व्यक्ति ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से अपने बड़े भाई और भाभी की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद आरोपी अमरजीत सिंह अंबे खुद थाना पहुंचा और सरेंडर कर दिया. मृतकों की पहचान अजायब सिंह और उनकी पत्नी कमल कौर के रूप में हुई है. दोनों मूल रूप से पंजाब के नैनेकोट गांव में रह रहे थे. उनका परिवार जमशेदपुर के सिदगोड़ा स्थित 10 नंबर बस्ती में भी रह चुका है. परिवार के कई सदस्य अब भी जमशेदपुर में रह रहे हैं. बताया गया कि अजायब सिंह अपनी पत्नी के साथ काफी पहले ही गांव लौट गए थे. जबकि उनका छोटे भाई अमरजीत सिंह अंबे करीब डेढ़ साल पहले गांव लौटे थे. 

    पैतृक जमीन को लेकर चल रहा विवाद
    जानकारी के अनुसार, तीनों भाइयों के बीच गांव की करीब नौ एकड़ पैतृक जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. मंगलवार की रात में अजायब सिंह अपनी पत्नी के साथ गांव में टहल रहे थे.कुछ देर बाद कमल कौर घर लौट आईं. इसी दौरान अमरजीत सिंह अपने भाई के पास पहुंचा और दोनों के बीच जमीन को लेकर फिर बहस शुरू हो गई. फिर गुस्से में अमरजीत ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकालकर अजायब सिंह को गोली मार दी. मौके पर ही उनकी मौत हो गई. बड़े भाई की हत्या करने के बाद बड़े भाई के घर पहुंचा और अपनी भाभी कमल कौर पर भी कई गोलियां दाग दीं. उसने भी मौके पर दम तोड़ दिया.

    आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
     दोनों की हत्या करने के बाद आरोपी खुद ही काहनूवान थाना पहुंचा और पुलिस के समक्ष सरेंडर का दिया. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है. जांच के लिए घटनास्थल भी पुलिस गई. इधर,  जैसे ही घटना की सूचना जमशेदपुर पहुंची, सिदगोड़ा स्थित परिवार के घर में मातम छा गया. रिश्तेदारों और परिचितों की भीड़ जुटने लगी. मृतका कमल कौर का मायका भी सिदगोड़ा में है.



    Related News