जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी कड़ी में शुक्रवार को सिदगोड़ा स्थित टाउन हॉल में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता डीसी राजीव रंजन ने की. बैठक में सिटी एसपी, एसडीएम धालभूम, एएसपी, एसडीएम घाटशिला, सभी बीडीओ, सीओ, डीएसपी, थाना प्रभारी, शांति समिति के सदस्य और विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि मौजूद रहे. बैठक में बकरीद के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, बिजली व्यवस्था तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. संबंधित विभागों को पर्व के दौरान पूरी सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया.
मिल-जुलकर मनाएं पर्व
बैठक में डीसी राजीव रंजन ने कहा कि बकरीद आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का पर्व है. सभी लोग मिल-जुलकर इसे मनाएं और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएंगी. साथ ही लोगों से किसी भी समस्या या असामान्य स्थिति की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की. सिटी एसपी ललित मीणा ने कहा कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की गई है. संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती होगी और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी. उन्होंने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
अपवाहों से बचने की अपील
एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी अपुष्ट खबर को साझा न करें और अफवाहों से बचें. यदि किसी सूचना को लेकर संदेह हो तो प्रशासन से उसका सत्यापन कर लें. उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण आयोजन में सभी समुदायों की सहभागिता और सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है. बैठक में मौजूद शांति समिति के सदस्यों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और बकरीद को शांतिपूर्ण तथा सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की प्रतिबद्धता जताई.

