बड़ी खबर: दुमका नगर परिषद में दिलचस्प मुकाबला, अभिषेक चौरसिया बने अध्यक्ष

    बड़ी खबर: दुमका नगर परिषद में दिलचस्प मुकाबला, अभिषेक चौरसिया बने अध्यक्ष

    दुमका(DUMKA ):नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए हुए रोचक मुकाबले में दो बार वार्ड पार्षद रह चुके अभिषेक चौरसिया ने पूर्व अध्यक्ष श्वेता झा के पति अजय कुमार झा उर्फ मिक्की झा को 667 वोटों के अंतर से पराजित किया.अभिषेक को कुल 6,781 वोट मिले, जबकि मिक्की झा को 6,114 वोट प्राप्त हुए.

    पहले राउंड में बनाई बढ़त

    पहले राउंड (वार्ड 01 से 12, कुल 24 बूथ) की मतगणना में अभिषेक चौरसिया को 4,445 और मिक्की झा को 4,018 वोट मिले.इस चरण में चौरसिया ने 427 वोटों की बढ़त बना ली थी.वहीं अमिता रक्षित को 2,926 वोट मिले थे.

    दूसरे राउंड में भी कायम रही बढ़त

    दूसरे राउंड (वार्ड 13 से 21) में अभिषेक चौरसिया को 2,336, मिक्की झा को 2,096 और अमिता रक्षित को 1,999 वोट मिले.इस प्रकार चौरसिया ने लगातार बढ़त बनाए रखते हुए जीत सुनिश्चित की.

    अमिता रक्षित तीसरे स्थान पर

    2008 और 2013 में लगातार दो बार अध्यक्ष रह चुकीं तथा 2018 में दूसरे स्थान पर रहीं अमिता रक्षित इस बार तीसरे स्थान पर रहीं.भाजपा समर्थन के बावजूद उन्हें 4,925 वोट मिले और वे 1,856 वोटों से पीछे रह गईं.

    अन्य प्रत्याशियों का प्रदर्शन

    युवा प्रत्याशी सुमित कुमार उर्फ सुमित पटवारी 2,072 वोटों के साथ चौथे स्थान पर रहे.पूर्व उपाध्यक्ष विनोद कुमार लाल को 878 वोट मिले और वे पांचवें स्थान पर रहे.राधेश्याम वर्मा 509 वोटों के साथ छठे स्थान पर रहे। अन्य नौ प्रत्याशी 321 से 105 वोट तक ही सिमट गए, जबकि तीन प्रत्याशी तीन अंकों का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके.

    भ्रष्टाचार खत्म करने का संकल्प

    जीत के बाद अभिषेक चौरसिया ने दुमका की जनता का आभार जताते हुए कहा कि नगर परिषद में व्याप्त भ्रष्टाचार को दूर करना उनकी प्राथमिकता होगी.उन्होंने अपने संकल्प पत्र के 13 वादों को एक वर्ष के भीतर पूरा करने का भरोसा दिलाया.

    पेयजल और सफाई पर विशेष जोर

    उन्होंने कहा कि पेयजल समस्या का स्थायी समाधान होने तक रसिकपुर के जल संकट वाले इलाकों में टैंकर से पानी पहुंचाया जाएगा.शहर और बस स्टैंड की सफाई रात में तथा वार्डों की सफाई दिन में कराई जाएगी.शहर में जमा गंदगी हटाना उनकी बड़ी चुनौती होगी.

    जीत के बाद पूजा और स्वागत

    अध्यक्ष पद पर जीत के बाद अभिषेक चौरसिया ने धर्मस्थान काली मंदिर में पूजा-अर्चना की.घर पहुंचने पर परिवार ने आरती उतारकर स्वागत किया.समर्थकों ने चुनाव चिन्ह “टार्च” की माला पहनाई और बाद में वे शिवपहाड़ स्थित प्रधान कार्यालय पहुंचे.

    रिपोर्ट: पंचम झा


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news