PALAMU: जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद ने एक हिंसक रूप ले लिया जब रामपुर गांव में दो पक्षों के बीच हुए विवाद में जमकर मारपीट और गोलीबारी होने लगी , जिसमें एक युवक की मौत भी हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से अभी भी घायल हैं.घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ हैं.
मृतक की पहचान सिकंदर चौधरी जिसकी उम्र सिर्फ 30 साल की थी उसके रूप में हुई है, जो रामपुर गांव का रहने वाला था.बताया जा रहा है कि जमीन को लेकर लंबे समय से दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था.रविवार को इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे.इसी दौरान फायरिंग भी हुई, जिससे कई लोग घायल हो गए.घटना स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों में दहशत फैल गई.
घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच अस्पताल पहुंचाया गया. इलाज के दौरान सिकंदर चौधरी की मौत हो गई.मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. मृतक के परिजनों ने मंटू सिंह नामक व्यक्ति पर हत्या और फायरिंग का आरोप लगाया है. वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. इस हिंसक घटना में घायल हुए लोगों में 16 वर्षीय यशवंत कुमार, 74 वर्षीय मधु चौधरी, संजय चौधरी और सकेंद्र चौधरी शामिल हैं.सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया.पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.साथ ही मामले में शामिल आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से तनाव था.फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

