दुमका में राज्यपाल ने किया ध्वजारोहण, कहा- एक सफल लोकतांत्रिक देश के रूप में है विश्व में भारत की पहचान

    दुमका में राज्यपाल ने किया ध्वजारोहण, कहा- एक सफल लोकतांत्रिक देश के रूप में है विश्व में भारत की पहचान

    दुमका (DUMKA): झारखंड की उपराजधानी दुमका में हर्षोल्लास पूर्वक स्वतंत्रता दिवस मनाया गया. मुख्य समारोह पुलिस लाइन मैदान में आयोजित हुआ. यहां राज्यपाल रमेश बैस ने ध्वजारोहण किया. राज्यपाल ने परेड का निरीक्षण किया और तिरंगा को सलामी दी. कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. अपने संबोधन में राज्यपाल ने स्वतंत्रता दिवस के पावन मौके पर झारखण्ड की हृदयस्थली संथाल परगना से सबका अभिनन्दन और स्वागत किया और समस्त झारखण्डवासियों के साथ-साथ देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी.

    वीरों को किया गया याद

    मौके पर राज्यपाल ने कहा कि पूरे हर्षोल्लास और उमंग के साथ हम भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ को “अमृत महोत्सव” के रूप में मना रहे हैं. इस अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस, डा० राजेन्द्र प्रसाद, पंडित जवाहर लाल नेहरू,सरदार वल्लभ भाई पटेल, बाबा साहब डॉ० भीमराव अम्बेडकर,शहीद भगत सिंह के साथ-साथ झारखण्ड की महान विभूतियों भगवान बिरसा मुण्डा, बाबा तिलका मांझी, अमर शहीदसिद्धु-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो, वीर बुधु भगत, जतरा टाना भगत,शेख भिखारी,पाण्डेय गणपत राय, टिकैत उमरांव, ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव और नीलाम्बर-पीताम्बर सहित उन तमाम शहीदों के प्रति अपनी ओर से श्रद्धा-सुमन अर्पित करता हूं, जिन्होंने देश की आज़ादी में अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया.

    सफल लोकतांत्रिक देश

    इस अवसर पर देश की पराक्रमी सेना, अर्द्धसैनिक बलों और पुलिस के जवानों को भी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की सीमाओं की सुरक्षा में शहीद हुए बहादुर सैनिकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की. आगे उन्होंने कहा कि आजादी के बाद हमारे देश ने सभी क्षेत्रों में तरक्की की है. विश्व के मानचित्र पर भारत की पहचान एक सफल लोकतांत्रिक देश के रूप में स्थापित हुई हैं. इस विकास यात्रा में हमने कई उतार-चढ़ाव भी देखे हैं, लेकिन देश के विकास के मार्ग में आनेवाली हर बाधा, हर मुश्किल का हमने मिल-जुल कर सामना किया है.

    विकास के पथ पर अग्रसर है झारखण्ड - राज्यपाल

    वर्तमान में झारखण्ड तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है. हमारी सरकार सुदूर इलाके में रह रहे नागरिकों तक विकास की किरण पहुंचाने के लिए कृतसंकल्पित है. निरंतर प्रयासों का ही नतीजा है कि राष्ट्रीय और अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर झारखण्ड ने कई क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान बनायी है.

                   

     


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news