साहिबगंज: मंईयां सम्मान योजना में सत्यापन के नाम पर अवैध वसूली, वायरल वीडियो पर उठे सवाल

    साहिबगंज(SAHIBGANJ):मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत चल रहे सत्यापन अभियान के बीच तालझारी प्रखंड क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है.बड़ा दुर्गापुर पंचायत से जुड़ा एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लाभुक महिलाओं से पैसे वसूले जाने का दावा किया जा रहा है. इस घटना ने प्रशासनिक व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए है.

    आदिवासी महिलाओं से प्रत्येक लाभुक के बदले 100 रुपये लेने का दावा

    वायरल वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि पंचायत के सभागार कक्ष में सत्यापन प्रक्रिया के दौरान भोले-भाले आदिवासी महिलाओं से प्रत्येक लाभुक के बदले 100 रुपये लिए जा रहे थे. वीडियो में कई महिलाएं पैसे देती नजर आ रही हैं, जबकि पास में खड़ी दूसरी महिला हाथ से पंखा झलती दिखाई दे रही है.स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि मंईयां सम्मान योजना का लाभ जारी रखने और ऑनलाइन सत्यापन प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर जबरन पैसे मांगे जा रहे है.

    जरूरतमंद महिलाओं को नाम कटने का डर दिखाकर राशि वसूली

     लोगों का कहना है कि गरीब और जरूरतमंद महिलाओं को नाम कटने का डर दिखाकर राशि वसूली की जा रही है. वायरल वीडियो में बड़ा दुर्गापुर पंचायत में पद स्थापित पंचायत सचिव आनंद यादव का नाम भी चर्चा में बना हुआ है.मामले को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और भाजपा प्रखंड अध्यक्ष बेटका सोरेन ने जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.वहीं ग्रामीण नाथानियल मुर्मू ने कहा कि यदि योजना के नाम पर गरीबों से अवैध वसूली हुई है तो जिम्मेदार लोगों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए.

    नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी

     फिलहाल पूरा मामला प्रशासनिक जांच का विषय बना हुआ है. अब लोगों की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है कि वायरल वीडियो में दिख रही गतिविधियां वास्तव में अवैध वसूली से जुड़ी हैं या नहीं.

    रिपोर्ट-गोविंद ठाकुर



    Related News