रामगढ़( RAMGARH): रामगढ़ पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गोला थाना क्षेत्र में चल रहे एक बड़े अवैध शराब निर्माण गिरोह का पर्दाफाश किया है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने बंद घर से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब, शराब बनाने की सामग्री, रेपर और उपकरण बरामद किए हैं. इस कार्रवाई में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मौके से हजारों लीटर तैयार शराब भी जब्त की गई है.
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत को लगातार सूचना मिल रही थी कि गोला थाना क्षेत्र के ऊपर खाखरा टोला स्थित पत्थलगड़ा इलाके में एक बंद मकान के अंदर अवैध विदेशी शराब का निर्माण किया जा रहा है. साथ ही वहां भारी मात्रा में शराब का भंडारण कर आसपास के क्षेत्रों में इसकी तस्करी की जा रही थी.
सूचना को गंभीरता से लेते हुए रामगढ़ पुलिस ने पहले पूरे मामले का सत्यापन कराया. पुष्टि होने के बाद विशेष टीम का गठन कर छापेमारी अभियान चलाया गया. पुलिस जब बताए गए स्थान पर पहुंची तो बंद घर के अंदर अवैध शराब निर्माण का पूरा नेटवर्क संचालित होता मिला.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण, पैकिंग सामग्री, नकली रेपर और बड़ी मात्रा में तैयार शराब बरामद की. पुलिस के अनुसार मौके से हजारों लीटर अवैध शराब जब्त की गई है. इसके अलावा शराब निर्माण कार्य में शामिल दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिल सके.
रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी देते हुए कहा कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी. उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि इस अवैध शराब की सप्लाई किन-किन इलाकों में की जा रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं. कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.
रिपोर्ट: अनुज कुमार

