TNP DESK- बिहार पुलिस का यह जवान झारखंड में बैठकर नशीली पदार्थ का बड़ा गिरोह चलाता था. वह जगह बदलता रहता था, इस वजह से उसकी गिरफ्तारी नहीं हो पा रही थी. लेकिन पुख्ता जानकारी के आधार पर बिहार पुलिस ने उसे झारखंड के रांची से अरेस्ट कर लिया है और अब पुलिस पूरे गिरोह को बेपर्द करने में जुटी हुई है. दरअसल , बिहार में 25 करोड़ रुपए के बहुचर्चित स्मैक कांड में पुलिस ने झारखंड के रांची से गिरोह के "किंगपिन" को गिरफ्तार किया है. वह बिहार पुलिस का सिपाही बताया जाता है. उसका नाम ऋषिकेश उर्फ अनीश बताया गया है.
वह मूल रूप से नालंदा का रहनेवाला है
उसकी गिरफ्तारी रांची से की गई है. वह मूल रूप से नालंदा का रहने वाला है. बिहार के कई स्थानों पर उसकी अचल संपत्ति है. अब पुलिस ने आगे का एक्शन तेज कर दिया है. बताया जाता है कि वह बिहार पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात था, लेकिन इस अवैध धंधे में इतनी उसकी कमाई हुई कि नौकरी को तिलांजलि दे दी. पटना से प्रशासनिक दृष्टिकोण से उसका तबादला भागलपुर किया गया था, लेकिन वह वहां ज्वाइन नहीं किया। सूत्रों के अनुसार गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. उसके दो साथी पहले से ही जेल में है. पुलिस अब सभी गिरफ्तार लोगों से पूछताछ करने की कोशिश में है. जिससे कि गिरोह का खुलासा हो सके.
जब भागलपुर ट्रांसफर हुआ तो ज्वाइन नहीं किया
जानकार सूत्रों के अनुसार पटना के आलमगंज थाना कांड संख्या 294 | 26 के तहत यह मामला दर्ज है. समस्तीपुर और जहानाबाद के दो लोगों को गिरफ्तार कर पहले जेल भेजा जा चुका है. इसके अलावा कई लोग इसमें नामजद किए गए है. पुलिस को जांच में पता चला कि इसका "किंगपिन" सिपाही ही है. तब उसकी खोजबीन शुरू हुई, लेकिन वह लगातार जगह बदलता रहा. लेकिन अंतत उसे रांची से गिरफ्तार कर लिया गया है. बताया जाता है कि वह पहले बिहार के गया में पोस्टेड था. जुलाई 25 में उसका ट्रांसफर भागलपुर कर दिया गया लेकिन वह नई जगह पर ज्वाइन नहीं किया और फरार हो गया. पुलिस ने जब पटना के कई जगहों पर छापेमारी की तो वहां से आरोपी सिपाही के बैंक दस्तावेज चेक बुक और सर्विस रिकॉर्ड बरामद हुए. इसके बाद पुलिस को पुख्ता सबूत हाथ लग गए, उसके बाद उसे रांची से गिरफ्तार किया गया.

