भीषण सड़क हादसा अग्निकांड में तब्दील : वाहनों की टक्कर के बाद जिंदा जला खलासी


दुमका(DUMKA):दुमका रेलवे स्टेशन के पास ए एन कॉलेज रोड पर बुधवार रात ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ जिसने हर किसी की रूह कंपा दी.गिट्टी लोड हाईवा ने लाइटर लोड ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी.टक्कर के बाद उठी चिंगारी ने चार वाहनों को आग की भयावह लपटों में घेर लिया. इस अग्निकांड में एक ट्रक का सह चालक जिंदा जलकर राख हो गया, जबकि चालक गंभीर रूप से झुलस गया.
चिंगारियों से धधकी सड़क, पटाखों जैसी आती रही धमाकों की आवाज
हादसे के तुरंत बाद आग ने विकराल रूप ले लिया.चारों ओर धुएँ का काला गुबार और आसमान छूती लपटें देखकर लोग दहशत में आ गए.लाइटर फटने की लगातार आवाजें ऐसी लग रही थीं मानो पटाखों का कारखाना जल रहा हो. कुछ ही देर में भारी भीड़ जमा हो गई. दमकल की तीन गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका. इस दौरान सड़क पर यातायात पूरी तरह ठप रहा.
पुलिस प्रशासन मौके पर डटा, राहत और बचाव में स्थानीय लोगों ने दिखाया साहस
सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में नगर और मुफस्सिल थाना की पुलिस दल बल के साथ पहुँच गई। एसडीओ कौशल कुमार भी हालात सामान्य होने तक घटनास्थल पर डटे रहे। प्रशासन ने एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि की है. इस भयावह स्थिति में स्थानीय लोगों ने भी जोखिम उठाकर राहत और बचाव कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
गंभीर रूप से झुलसा चालक रेफर, मृतक की पहचान से पसरा मातम
आग में झुलसे ट्रक चालक संतोष कुमार को पहले फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से उसकी हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. संतोष बिहार के बांका जिला के बेलहर थाना क्षेत्र के कैलाश पहाड़ी गाँव का निवासी है. वहीं जिंदा जलकर मरने वाले सह चालक की पहचान सुईया थाना क्षेत्र के टोमा पत्थर निवासी उमेश कुमार के रूप में हुई है.
पत्थर चिप्स लेकर निकला था हाईवा, मंजिल से पहले मिली दर्दनाक मौत
बताया जा रहा है कि हाईवा रामपुरहाट से स्टोन चिप्स लोड कर मुंगेर जा रहा था। लेकिन सफर बीच रास्ते में ही मौत और तबाही में बदल गया.देर रात हुए इस हादसे ने न केवल एक परिवार का सहारा छीन लिया, बल्कि पूरे इलाके को शोक, भय और सन्नाटे में डुबो दिया.
रिपोर्ट-पंचम झा
4+