दुमका(DUMKA): नेशनल हाईवे 133 पर दुमका जिला के सरैयाहाट थाना क्षेत्र के दिग्घी गांव के समीप शनिवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. समाचार लिखे जाने तक दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो पाई थी.
ट्रक और बाइक की जोरदार टक्कर, ट्रक के नीचे दबे दोनों सवार
मिली जानकारी के अनुसार देवघर की ओर से चावल लोड कर एक मिनी ट्रक हंसडीहा की ओर जा रहा था. इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक बाइक अचानक ट्रक से टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों व्यक्ति ट्रक के नीचे दब गए, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस, शव को भेजा अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही सरैयाहाट थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरैयाहाट पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया.
धनबाद निवासी के नाम से निबंधित है दुर्घटनाग्रस्त बाइक
पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बाइक (निबंधन संख्या जेएच-10 एटी-8959) धनबाद निवासी सुशांत कुमार दास के नाम से निबंधित है. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दोनों व्यक्ति कोठिया हटिया से कबूतर खरीदकर देवघर की ओर जा रहे थे.
मृतकों की पहचान का प्रयास जारी, पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाएंगे शव
थाना प्रभारी राजेंद्र यादव ने बताया कि मृतकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. रविवार की सुबह दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा.
रिपोर्ट: पंचम झा
Thenewspost - Jharkhand
4+


