चांडिल के भादूडीह में भीषण सड़क हादसा, महिला समेत छह घायल

    चांडिल के भादूडीह में भीषण सड़क हादसा, महिला समेत छह घायल

    सरायकेला (SARAIKELA): सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में बुधवार की दोपहर सड़क हादसा हुआ. घटना भादूडीह के पास हुआ. इसमें एक महिला सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.  घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है. सूचना पर चांडिल पुलिस मौके पर पहुंची. घायलों को आनन फानन में अस्पताल पहुंचाया. जानकारी के अनुसार  रांची से चाकुलिया की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया. इस दौरान सबसे पहले उसने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी. इसके बाद ट्रेलर आगे बढ़ते हुए एक यात्री बस से जा टकराया, जिससे बस में सवार यात्री भी घायल हो गए. 

    घायलों में ये शामिल
    घायलों में ट्रेलर चालक राठौर राई, खलासी कलिमुद्दीन अंसारी, बस चालक मफिस अंसारी, महिला यात्री सफीना खातून और बाइक सवार तीन युवक इमरान, राजू तथा इतेशाम कुरैशी शामिल हैं. बाइक सवार तीनों युवक कपाली के निवासी बताए जा रहे हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर और बस दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया.  फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर डॉक्टरों की नजर बनी हुई है.

    ट्रक-बस के चालक फंसे 
     घटना के बाद बस और ट्रेलर के चालक अपने अपने वाहन के केबिन में फंसे रहे. स्थानीय लोगों के द्वारा काफी मशक्कत के बाद चालकों को केबिन से बाहर निकाल गया. फिर उन्हें अस्पताल भेजा गया. बस नीमडीह से जमशेदपुर जा रही थी. दुर्घटना में बस में सवार आधा दर्जन से ज्यादा यात्री को चोट लगी है. दुर्घटना के बाद ट्रेलर खेत में जा गिरा. 

    रिपोर्ट: वीरेंद्र मंडल


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Related News

    Our latest news