पाकुड़ में खून की होली, 8 से 10 हमलावरों ने घेरकर युवक को उतारा मौत के घाट

    पाकुड़ में खून की होली, 8 से 10 हमलावरों ने घेरकर युवक को उतारा मौत के घाट

    TNP DESK- पाकुड़ में होली के दिन एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नगर थाना क्षेत्र के तलवाडांगा, नंदीपाड़ा में 44 वर्षीय देवराज सरकार उर्फ निमुवा की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात आज दोपहर करीब ढाई बजे हुई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मिली जानकारी के अनुसार, देवराज घर से चाय पीने के लिए बाहर निकले थे। तभी पहले से घात लगाए आठ से दस लोगों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों ने पकड़कर उन पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि उनकी पीठ पर तीन और सीने पर दो गहरे घाव मिले हैं। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तुरंत सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर मनीष कुमार ने बताया कि अस्पताल लाए जाने के समय उनकी हालत बहुत गंभीर थी। मृतक के पिता मेघनाथ सरकार ने बताया कि हमले में शामिल कुछ लोगों की पहचान कर ली गई है और उनके नाम पुलिस को दे दिए गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार, देवराज का कुछ लोगों से पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। पहले भी कहासुनी और झड़प हुई थी, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि मामला हत्या तक पहुंच जाएगा। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है। होली जैसे त्योहार के दिन हुई इस हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी

    रिपोर्ट: विकास कुमार



    Related News