होली 2026 : सात जोन में बंटे धनबाद ज़िले में प्रशासन -पुलिस की ऐसे रहेगी पैनी नजर!

    होली 2026 : सात जोन में बंटे धनबाद ज़िले में प्रशासन -पुलिस की ऐसे रहेगी पैनी नजर!

    धनबाद(DHANBAD):  रंगों के त्योहार होली को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण  संपन्न कराने के लिए उपायुक्त  आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक  प्रभात कुमार तथा एडीएम लॉ एंड ऑर्डर श्रीमती हेमा प्रसाद ने संयुक्त आदेश जारी कर जिले को कतरास, धनबाद, चिरकुंडा, तोपचांची, झरिया, गोविंदपुर एवं टुंडी जोन में बांटा है.  सभी जोन में जोनल दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी तथा सभी थाना व ओपी में पुलिस पदाधिकारी के साथ दंडाधिकारी मौजूद रहेंगें।  साथ ही सभी थाना क्षेत्र में पुलिस का चलंत दस्ता लगातार भ्रमणशील रहेगा, क्विक रिस्पॉन्स टीम भी मौजूद रहेगी.
     
    होली के अवसर पर 3 मार्च को दोपहर 2 बजे से 5 मार्च की सुबह 6 बजे तक जिला नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेगा. अनुमंडल दंडाधिकारी  लोकेश बारंगे जिला नियंत्रण कक्ष के संपूर्ण प्रभार में रहेंगे, जबकि डीएसपी सीसीआर  सुमित कुमार पुलिस पदाधिकारी के वरीय प्रभार में रहेंगे।  जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 0326 - 2311217, 2311107, 112 रहेगा।  जिला नियंत्रण कक्ष में आवश्यक जीवन रक्षक दवाओं के साथ चिकित्सक की टीम तथा एम्ब्युलेंस मौजूद रहेगी.

    धनबाद, बैंक मोड़, सरायढेला, धनसार, झरिया, जोरापोखर, सुदामडीह, पाथरडीह, तिसरा, सिंदरी, बलियापुर, केंदुआडीह, पुटकी, लोयाबाद, जोगता, कतरास, राजगंज, महुदा, मधुबन, बरोरा, तेतुलमारी, बाघमारा, तोपचांची, हरिहरपुर, बरवाअड्डा, गोविंदपुर, टुंडी, पुर्वी टुंडी, मनियाडीह, निरसा, चिरकुंडा थाना तथा भूली ओपी, घनुआडीह, बोर्रागढ़, भौंरा, लोदना, अलखडीहा, गौशाला, मुनिडीह, भागाबांध, अंगारपथरा, कपूरिया, रामकनाली, गोंदुडीह, खरखरी, ईस्ट बसुरिया, सोनारडीह, धर्माबांध, कालूबथान, कुमारधुबी, मैथन, गलफरबाड़ी, खरखरी, भाटडीह एवं पंचेत ओपी के लिए पुलिस पदाधिकारियों के साथ साथ दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. 

    पुलिस का चलंत दस्ता लगातार भ्रमणशील रहेगा, वहीं अनुमंडल दंडाधिकारी, सभी डीएसपी, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, साइबर डीएसपी, साइबर थाना प्रभारी व्हाट्सएप ग्रुप सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार नजर बनाए रखेंगे।  साथ-साथ समन्वय स्थापित करते हुए पूरे अनुमंडल क्षेत्र में विधि व्यवस्था संधारण के लिए आवश्यक कार्रवाई करेंगे। होली के अवसर पर किसी भी प्रकार की आकस्मिक दुर्घटना के फलस्वरूप त्वरित इलाज के लिए केंद्रीय अस्पताल व एसएनएमएमसीएच के अधीक्षक इमरजेंसी वार्ड में 24 घंटे चिकित्सकों की टीम की व्यवस्था रखेंगे।  जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्र एवं उप स्वास्थ्य केंद्र में 24 घंटे चिकित्सक, एएनएम व कर्मी मौजूद रहेंगे.

    होली के अवसर पर सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक, लोक शांति या विधि व्यवस्था को प्रभावित करने वाली सामग्री पर पुलिस के सोशल मीडिया मोनिटरिंग सेल की विशेष निगरानी रहेगी.  ऐसा करने वालों के विरुद्ध विधि सम्मत एवं नियमानुकूल कार्रवाई की जाएगी.१ होली का अवसर पर जिले के सभी देशी विदेशी एवं मसालेदार शराब की दुकानें, बार, रेस्टोरेंट आदि पूरी तरह से बंद रहेंगे।  इस अवधि में मदिरा की बिक्री पर पूरी तरह से पाबंदी रहेगी, वहीं अवैध शराब की चुलाई, भंडारण एवं बिक्री करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। संयुक्त आदेश में होली मिलन समारोह, होलिका दहन, सतर्कता, पेयजल आपूर्ति, साफ सफाई, विद्युत आपूर्ति सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों को लेकर दिशा निर्देश दिए गए हैं. 


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news