जमशेदपुर( JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के डीसी ऑफिस परिसर में गुरुवार को सियासी तापमान अचानक बढ़ गया. जब पक्ष और विपक्ष एक ही समय पर आमने-सामने आ गए. एक ओर झामुमो कार्यकर्ता केंद्र सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन कर रहे थे, तो दूसरी ओर भाजपा राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही थी. इस दौरान दोनों दलों के समर्थकों के आमने-सामने आने से माहौल कुछ देर के लिए गरमा गया. इस दौरान जमकर नारेबाजी हुई और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी जुबानी जंग भी देखने को मिली. हालांकि पुलिस और प्रशासन की सतर्कता के कारण स्थिति नियंत्रण में रही और किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई. संभावित तनाव को देखते हुए डीसी ऑफिस के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. भारी संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारी तैनात रहे. राजनीतिक प्रदर्शन के कारण डीसी ऑफिस परिसर और आसपास के इलाके में काफी देर तक हलचल बनी रही. राहगीरों और कार्यालय आने वाले लोगों को भी जाम और भीड़ का सामना करना पड़ा. दोनों दलों ने अपनी-अपनी मांगों को लेकर सरकार पर निशाना साधा और आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी.
महंगाई के खिलाफ झामुमो का प्रदर्शन
केंद्र सरकार की नीतियों और बढ़ती महंगाई के खिलाफ झामुमो ने धरना प्रदर्शन किया. जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और केंद्र सरकार के खिलाफ हमला बोला. धरना प्रदर्शन के बाद डीसी के नाम ज्ञापन सौंपा गया. इस धरना प्रदर्शन में झामुमो के कई बड़े नेता शामिल रहे. प्रदर्शन के दौरान झामुमो के समर्थक लकड़ी लेकर भी पहुंचे. लकड़ी पर मौके पर ही चाय बनाया और गैस की बढ़ती महंगाई को लेकर विरोध जताया. महिलाएं अपने सिर पर लकड़ी लेकर रैली के साथ डीसी ऑफिस पहुंची. प्रदर्शन के दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल - डीजल सस्ता करो, रसोई गैस के दाम घटाओ, टैक्स बढ़ाकर जनता को क्यों लूट रहे हो आदि का नारा लगाया.
बिजली-पानी संकट पर भाजपा का हल्लाबोल
भाजपा ने बिजली-पानी संकट, अघोषित बिजली कटौती, खराब पड़े चापानलों और सूखते जलस्रोतों को मुद्दा बनाकर राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू भी शामिल हुईं. भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि भीषण गर्मी में जनता बिजली और पानी की समस्या से परेशान है, लेकिन सरकार समाधान निकालने में विफल रही है. जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर डीसी के नाम ज्ञापन सौंपा. भाजपा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा.

