जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में करीब एक सप्ताह बाद सोमवार शाम हुई झमाझम बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत दिलाई. शाम के समय अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं के साथ शहर के विभिन्न इलाकों में लगभग आधा घंटा तक जोरदार बारिश हुई. कुछ स्थानों पर हल्की ओलावृष्टि भी हुई. इससे पहले पिछले कई दिनों से शहर के लोग तेज धूप, गर्म हवाओं और उमस भरी गर्मी से परेशान थे. सोमवार को हुई बारिश ने मौसम सुहावना कर दिया. बारिश शुरू होते ही तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों ने राहत की सांस ली. कई लोग घरों से बाहर निकलकर ठंडे मौसम का आनंद लेते नजर आए. जानकारी हो कि शहर में इससे पहले 18 मई को अंतिम बार बारिश हुई थी. उस दिन 1.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई थी. इसके बाद लोग तपती गर्मी से परेशान थे. लेकिन सोमवार को हुई बारिश ने मौसम सुहावना कर दिया. शहर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर और गम्हरिया इलाके में भी झमाझम बारिश हुई. वहां भी बर्फ गिरे.
तेज हवा के कारण कई पेड़ गिरे
बारिश के दौरान करीब 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली. शहर के अलावा ग्रामीण इलाकों में भी तेज हवा चली. इसके कारण कई जगहों पर पेड़ गिर गए. आंधी के कारण कई इलाकों में बिजली भी गुल हो गई. आंधी - बारिश ने गर्मी से राहत तो दी लेकिन जन जीवन प्रभावित कर दिया. कई जगहों पर बिजली के तारों पर भी पेड़ गिरने की सूचना है. इसके कारण इलाके में बिजली गुल हो गई है. तेज हवा के कारण ग्रामीण इलाकों में कई घरों के छप्पर भी उड़ गए.
29 मई तक बारिश की संभावना
तपती गर्मी के बीच मौसम विभाग में राहत भरी खबर दी है. मौसम विभाग के अनुसार 29 मई तक आंधी और बारिश हो सकती है. इसको लेकर अलर्ट जारी किया गया है. बारिश सेकेंड हाफ में हों कि संभावना है. इससे पहले दिन में गर्मी का प्रकोप देखने को मिलेगा. सोमवार को भी दिन में गर्मी का प्रकोप देखने को मिला. तेज धूप ने लोगों को परेशान किया. लेकिन शाम में हुई झमाझम बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दिला दी.

