जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में बुधवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली. तेज बारिश के साथ जमकर ओलावृष्टि हुई. करीब 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया. लगभग 15 मिनट तक हुई ओलावृष्टि से शहर की सड़कें सफेद नजर आने लगीं. शाम करीब 4:30 बजे के बाद आसमान में काले बादल छा गए और देखते ही देखते तेज बारिश शुरू हो गई. बारिश के साथ ओले गिरने लगे, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली. पिछले कई दिनों से पड़ रही गर्मी और चिपचिपी उमस से लोग परेशान थे, लेकिन अचानक बदले मौसम ने लोगों को राहत पहुंचाई. तेज हवा के कारण शहर के कई इलाकों में पेड़ की डालियां टूटकर गिर गईं. कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही. बारिश और ओलावृष्टि के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया. लोग घरों की छतों और बालकनी से मौसम का आनंद लेते नजर आए.
1.9 डिग्री सेल्सियस गिरा पारा
शहर में बुधवार शाम 5 30 बजे तक 2 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई. वहीं, अधिकतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस गिरा. अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं, न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. गुरुवार को तापमान में और गिरावट हो सकती है.
कल भी आंधी-बारिश की संभवना
जमशेदपुर समेत पूरे कोल्हान में कल भी (30 अप्रैल) को भी आंधी और बारिश की संभवना है. इसको लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. 1 मई को भी आंधी बारिश हो सकती है. बारिश के कारण गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. 5 मई तक आंधी और बारिश को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. आंधी-बारिश सेकेंड हाफ में हो सकती है.

