धनबाद में टेलर ने टेम्पो को मारी जोरदार टक्कर, एक ही परिवार के पांच लोग घायल, एक की मौत

    धनबाद में  टेलर ने टेम्पो को मारी जोरदार टक्कर, एक ही परिवार के पांच लोग घायल, एक की मौत

    धनबाद(DHANBAD): के जेलगोरा इलाके में एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया. इस दुर्घटना में एक ही परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि 65 वर्षीय राजमणि देवी की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों का बुरा हाल है.

    परिवार अमलाबाद से धनबाद रेलवे स्टेशन जा रहा था. उन्हें गया में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होना था. सभी लोग एक टेम्पो में सवार होकर सफर कर रहे थे. जैसे ही वाहन जेलगोरा के पास पहुंचा, पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रेलर ने टेम्पो को जोरदार टक्कर मार दी.

    टक्कर इतनी भयानक थी कि टेम्पो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे सभी यात्री घायल हो गए. हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोग शोर सुनकर घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों की मदद करते हुए पुलिस को सूचना दी.

    सूचना मिलते ही जोड़ापोखर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया. सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है. कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल ट्रेलर को पाथरडीह इलाके से जब्त कर लिया है. फिलहाल चालक फरार है और उसकी तलाश जारी है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है.

    घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है. लोगों का कहना है कि जेलगोरा-धनबाद मार्ग पर लगातार तेज रफ्तार के कारण हादसे बढ़ रहे हैं. उन्होंने प्रशासन से सख्त कदम उठाने, स्पीड ब्रेकर लगाने और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि आगे ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.

    रिपोर्ट- नीरज कुमार



    Related News