धनबाद-बोकारो मार्ग पर फिर धंसी जमीन, आवागमन ठप, लोगों की बढ़ी चिंता

    धनबाद-बोकारो मार्ग पर फिर धंसी जमीन, आवागमन ठप, लोगों की बढ़ी चिंता

    धनबाद(DHANBAD): धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग पर एक बार फिर भू-धंसान की घटना सामने आई है. पहले से मौजूद गोफ के ठीक बगल में नया गड्ढा बन जाने से सड़क की स्थिति और भी ज्यादा खतरनाक हो गई है. जिससे आने-जाने वाले लोगों में डर का माहौल बना हुआ है.

    बताया जा रहा है कि लगातार हो रही बारिश का पानी तेजी से गोफ में भर रहा है, जिससे उसका दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है. इससे सड़क का बड़ा हिस्सा कमजोर हो चुका है और किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है. हालात की गंभीरता को देखते हुए सड़क को दोनों ओर से बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया है, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया है.

    सड़क बंद होने के कारण स्थानीय लोगों और रोजाना इस सड़क से गुजरने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. लोगों को अब लंबा रास्ता तय कर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है. वहीं आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोग भी डरे हुए हैं और किसी बड़े हादसे की आशंका से चिंतित नजर आ रहे हैं.

    बता दें का इसी जगह पर 15 अप्रैल को भी सड़क धंसने की घटना हुई थी. इसके अलावा पिछले साल 31 नवंबर की रात भूमिगत खदान में हुए विस्फोट के बाद जहरीली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस का रिसाव हुआ था, जिसमें तीन लोगों की जान चली गई थी. इन घटनाओं के कारण इलाके में पहले से ही भय का माहौल बना हुआ है.

    बीसीसीएल प्रबंधन ने बताया कि लगातार बारिश की वजह से भू-धंसान का खतरा और बढ़ गया है. उन्होंने प्रभावित इलाके के लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है. बताया जा रहा है कि करीब 15 दिनों से यह सड़क बंद है और यातायात को डायवर्ट किया गया है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है.

    स्थानीय निवासियों का कहना है कि समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने के कारण उनकी मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं. वहीं इस मुद्दे पर जनप्रतिनिधियों ने भी नाराजगी जताई है. भाजपा विधायक राज सिन्हा, निरसा विधायक अरूप चटर्जी और आजसू नेता मंटू महतो सहित कई नेताओं ने जिला प्रशासन और बीसीसीएल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क की जल्द मरम्मत और इलाके की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है. साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा.



    Related News