गिरिडीह (GIRIDIH): जिले में सीसीएल की कबरीबाद माइंस में सैकड़ों की संख्या में पहुंचे कोयला चोरों ने अचानक हमला कर दिया. इस हमले में एक सुरक्षाकर्मी की मौत हो गई, जबकि एक अधिकारी समेत कुल आठ लोग घायल हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है.
जानकारी के अनुसार, हाल के दिनों में सीसीएल प्रशासन द्वारा कोयला चोरी रोकने के लिए सख्ती बढ़ाई गई थी. इसी से नाराज होकर करीब 300 से अधिक कोयला चोरों ने देर रात माइंस पर धावा बोल दिया. पहले 15-20 की संख्या में पहुंचे लोगों ने हाइवा से जबरन कोयला उतारना शुरू किया. विरोध करने पर सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट की गई. देखते ही देखते बड़ी संख्या में अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और स्थिति बेकाबू हो गई.
हमलावरों ने न सिर्फ सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाया, बल्कि साइट पर खड़े कई वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया. इस दौरान सीसीएल के अधिकारी रामसागर समेत आठ लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए लंकास्टर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घायलों में बिरजू भुइयां, विकास कुमार, फागू कोल्ह, अफजल हुसैन, संतोष सिंह, असगर अंसारी और बलदेव गोप शामिल हैं.
घटना का सबसे दुखद पहलू यह रहा कि सीसीएल गार्ड दिलीप कुमार पर चाकू से हमला किया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है. घटना की सूचना मिलते ही परियोजना पदाधिकारी जी.एस. मीणा और मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस के पहुंचते ही हमलावर मौके से फरार हो गए. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की पहचान की जा रही है.
स्थानीय लोगों ने इस घटना को लेकर सीसीएल प्रबंधन पर भी सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था में कमी के कारण इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं. वहीं, लगातार बढ़ रही कोयला चोरी की घटनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन और सीसीएल प्रबंधन से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके.
रिपोर्ट : दिनेश रजक

