साहिबगंज(SAHIBGANJ):साहिबगंज जिला मुख्यालय में घरेलू गैस वितरण को लेकर भारी अव्यवस्था देखने को मिली, जिससे आमजन की परेशानी चरम पर पहुंच गई.सुबह से ही सैकड़ों उपभोक्ता गैस सिलेंडर के लिए लंबी कतारों में खड़े रहे.तपती धूप में घंटों इंतजार के बावजूद जब वितरण शुरू नहीं हुआ तो लोगों में आक्रोश साफ झलकने लगा और स्थिति हाहाकार में तब्दील हो गई.दिनभर की अफरातफरी के बाद गैस वितरण की प्रक्रिया करीब तीन बजे अपराह्न से शुरू हो सकी, जो देर रात लगभग एक बजे तक जारी रही.
अव्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन को मौके पर उतरना पड़ा
इस दौरान अव्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन को मौके पर उतरना पड़ा. सदर एसडीओ,दंडाधिकारी,पुलिस बल,इंस्पेक्टर और जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौजूद रहे और किसी तरह हालात संभालने की कोशिश करते नजर आए.वहीं भीड़ के बेकाबू होते हालात को देखते हुए प्रशासन ने शाम होते-होते जनसंपर्क विभाग के माध्यम से एडवाइजरी जारी की.
सड़क किनारे कतार लगाकर गैस लेने से बचे
लोगों से अपील की गई कि वे सड़क किनारे कतार लगाकर गैस लेने से बचे साथ ही यह भरोसा दिलाया गया कि अगले चार दिनों के भीतर डोर-टू-डोर गैस वितरण की व्यवस्था लागू की जाएगी और सभी उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर गैस उपलब्ध कराई जाएगी.हालांकि,इस पूरे घटनाक्रम ने जिला प्रशासन की तैयारियों,आपूर्ति प्रबंधन और सूचना प्रणा ली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि समय पर व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें बेवजह परेशानियों का सामना करना पड़ा.अब देखना होगा कि प्रशासन अपने दावों पर कितना खरा उतर पाता है.
रिपोर्ट-गोविंद ठाकुर
Thenewspost - Jharkhand
4+


