पीएलएफआई के चार उग्रवादी गिरफ्तार, कारोबारी से कर रहे थे लेवी की मांग   

    पीएलएफआई के चार उग्रवादी गिरफ्तार, कारोबारी से कर रहे थे लेवी की मांग

    रांची (RANCHI): तुपुदाना पुलिस ने उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से 5 मोबाइल एक स्विफ्ट डिजायर कार एक बाइक और पीएलएफआई की रसीद बरामद की है. पकड़े गए उग्रवादियों ने तुपुदाना के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित चौमिन फैक्ट्री के संचालक से 15,00,000 रुपए की लेवी मांगी थी. 

    हीट लिस्ट में है कई कारोबारियों के नाम 

    पकड़े गए उग्रवादियों में शिवशंकर केसरी उर्फ बबलू, तस्लीम अंसारी, सोहेल अंसारी और मंजूर आलम शामिल है. शिवशंकर तीन महीने पहले ही जेल से छूटा है. पूछताछ के दौरान पुलिस को जानकारी मिली की सभी आरोपियों ने साथ मिल कर लेवी की राशि वसूलने के लिए कई कारोबारियों की सूची बना रखी थी. 

    फरार होने की थी योजना

    एसएसपी किशोर कौशल ने मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि पकड़े गए आरोपी हजारीबाग से 3 माह पहले  लेवी की मांग कर रहे थे. उग्रवादियों ने तुपुदाना एरिया के राइस मिल संचालकों का लिस्ट बना रखा था और सभी लेवी वसूलने के बाद राज्य से बाहर फरार होने की फिराक में थे.  इसकी जानकारी मिलते ही हटिया डीएसपी राजा मिश्रा के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया और घेराबंदी कर सभी उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है. 

    हो सकते है कई खुलासे

    चौमिन फैक्ट्री के संचालक ने 15 अक्टूबर को तुपुदाना थाना  में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. एसएसपी ने बताया कि पकड़े गए उग्रवादियों को पुलिस रिमांड पर लेगी. वहीं  उग्रवादियों से पूछताछ में और कई खुलासे हो सकते हैं.



    Related News