चोरी की बाइक खरीद बिक्री करने वाला सरगना सहित 4 गिरफ्तार, देवघर पुलिस ने 4 बाइक व 2 सेलफोन किया बरामद

    Four arrested, including gang leader involved in buying and selling stolen bikes; Deoghar police recovered four bikes and two cellphones | चोरी की बाइक खरीद बिक्री करने वाला सरगना सहित 4 गिरफ्तार, देवघर पुलिस ने 4 बाइक व 2 सेलफोन किया बरामद

    देवघर : पुलिस ने चोरी हुए मोटरसाइकिल की खरीद बिक्री करने वाला सरगना राजेश मंडल को गिरफ्तार किया है. इसकी गिरफ्तारी इसके घर से की गई है. दरअसल सोनारायठाढ़ी थाना प्रभारी की बीती रात एक गुप्त सूचना मिली कि उनके थाना क्षेत्र अंतर्गत कोल्हड़िया ढोढवा गांव का रहने वाला राजेश कुमार मंडल के घर पर चोरी की मोटरसाइकिल है.

    परइसी गांव में अन्य जगहों पर मारे गए छापे

    पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए उसके घर पर छापेमारी शुरू की तो उसके घर से चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद हुई. पुलिस द्वारा राजेश मंडल से गहन पूछताछ करने के दौरान इसके निशानदेही परइसी गांव में अन्य जगहों पर छापेमारी की तो 50 वर्षीय गोविंद मंडल,24 वर्षीय सुम्बय महित्य और 35 वर्षीय रामधन मंडल के घर से भी मोटरसाइकिल बरामद की.

    बाइक खरीद कर बदल दिया जाता था नंबर प्लेट

    सदर एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि चोरी की मोटरसाइकिल की खरीद बिक्री का सरगना है राजेश मंडल. इसके द्वारा पूर्व से ही चोरी की मोटरसाइकिल की खरीदारी कर बेच दिया जाता था. एसडीपीओ ने बताया कि राजेश द्वारा पहले चोरी की मोटरसाइकिल खरीदा जाता था फिर उसका नंबर प्लेट बदल दिया जाता था. इतना ही नही मोटरसाइकिल के चेशिस नंबर को भी टेम्पर्ड कर बेच दिया जाता था.

    एसडीपीओ ने बताया कि इससे मिली अहम जानकारी से मोटरसाइकिल चोर गिरोह का भी जल्द उदभेदन किया जाएगा. पुलिस ने सभी गिरफ्तार के पास से 4 मोटरसायकिल और 2 मोबाइल जप्त किया है. फिलहाल पुलिस सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दी है.

    रिपोर्ट – ऋतुराज सिन्हा



    Related News