चाईबासा ( CHAIBASA): पश्चिमी सिंहभूम जिले में जंगली हाथी के आईईडी ब्लास्ट में फिर घायल होने की घटना सामने आई है. मनोहरपुर के कोलबांगा एरिया में एक जंगली हाथी आईईडी ब्लास्ट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया है. सूचना मिलते ही विभाग अलर्ट मोड में आ गया है. हाथी के सामने के पैर में गहरी चोट आई है, जिससे वह चलने-फिरने में असमर्थ हो गया है. घायल हाथी फिलहाल एक गड्ढे नुमा तालाब में फंसा हुआ है. वन विभाग की टीम ने उसे ट्रेस कर लिया है और मौके पर पहुंचने की तैयारी चल रही है. उसे रेस्क्यू करने की तैयारी की जा रही है. सारंडा के डीएफओ अभिरूप सिन्हा ने बताया कि आईईडी ब्लास्ट में हाथी के घायल होने की सूचना मिली है. विशेषज्ञों की टीम को मौके पर भेजा जा रहा है ताकि हाथी का सुरक्षित रेस्क्यू कर इलाज किया जा सके.
आईईडी ब्लास्ट में अब तक 3 हाथियों की मौत
मनोहरपुर प्रखंड के सारंडा में आइइडी विस्फोट में अब तक 3 हाथियों की मौत हो चुकी है. 7 जुलाई को एक हाथी आईईडी ब्लास्ट में घायल हुआ था. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी. जबकि 27 जुलाई को भी घायल अवस्था में मिले हाथी की इलाज के दौरान मौत हुई थी. वहीं, 13 अक्टूबर को भी एक हाथी ब्लास्ट के कारण घायल हुआ था. उसकी भी बाद में मौत हो गई थी. अब सारंडा जंगल में फिर एक हाथी आईईडी विस्फोट में घायल हुआ है. अब देखना है कि इस हाथी को वन विभाग बचा पाता है या नहीं.
इंसानों के साथ वन्य जीवों के लिए भी खतरा
सारंडा के जंगलों में आईईडी इंसानों के साथ-साथ वन्यजीवों के लिए भी खतरा बन गया है. यहां नक्सलियों ने कई आईईडी बम गाड़ रखा है. पुलिस के जवान, आम ग्रामीणों के साथ - साथ जंगली हाथी भी इसके चपेट में आ रहे है. वन्यजीवों को बचाना वन विभाग के लिए भी चुनौती बना हुआ है. सारंडा के जंगलों में हाथियों का विचारण लगातार होता है. इस दौरान हाथी आईईडी के चपेट में आकर घायल हो रहे हैं.

