हाई कोर्ट के आदेश पर JNAC का एक्शन, जमशेदपुर के वाइन शॉप पर चला बुलडोजर

    हाई कोर्ट के आदेश पर JNAC का एक्शन, जमशेदपुर के वाइन शॉप पर चला बुलडोजर

    जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): शहर में नक्शा विचलन कर अवैध रूप से बनाए गए भवनों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई शुरू हो गई है. झारखंड हाई कोर्ट के निर्देश के बाद जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया कमेटी (JNAC) की ओर से अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई तेज कर दी गई है. इसी क्रम में सोमवार को बिष्टुपुर स्थित पटियाला वाइन शॉप के भवन पर कार्रवाई की गई, जहां पांचवें ताले को तोड़कर अवैध निर्माण हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई.

    कार्रवाई के दौरान भवन मालिकों की ओर से विरोध भी किया गया. उनका कहना था कि जब एक साल पहले JNAC द्वारा दो लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया था, तब इस तरह की तोड़फोड़ की कार्रवाई क्यों नहीं की गई. भवन मालिकों ने यह सवाल भी उठाया कि यदि इसी तरह की कार्रवाई की जानी है, तो शहर में मौजूद सैकड़ों अन्य कथित अवैध भवनों पर भी समान रूप से कार्रवाई होनी चाहिए.

    24 भवनों पर कार्रवाई का लक्ष्य

    इस मामले में जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया कमेटी के उपनगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने बताया कि JNAC क्षेत्र में नक्शा विचलन कर बनाए गए कुल 24 भवनों को चिन्हित किया गया है. उन्होंने कहा कि आज बिष्टुपुर और साकची इलाके में अवैध निर्माण को तोड़ने की कार्रवाई की जा रही है. सभी चिन्हित 24 भवनों पर 24 तारीख तक कार्रवाई पूरी कर ली जाएगी.

    उपनगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई झारखंड हाई कोर्ट के निर्देश के तहत की जा रही है. सभी भवनों पर कार्रवाई पूरी होने के बाद इसकी विस्तृत रिपोर्ट हाई कोर्ट को सौंप दी जाएगी.

    भवन मालिकों का विरोध
    इधर, कार्रवाई से नाराज भवन मालिकों ने JNAC पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि यदि नक्शा विचलन को लेकर इतनी सख्ती बरती जा रही है, तो शहर में मौजूद लगभग 1800 से अधिक कथित अवैध भवनों पर भी इसी तरह की कार्रवाई होनी चाहिए. केवल चुनिंदा भवनों को निशाना बनाना उचित नहीं है.

    फिलहाल JNAC की ओर से अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई जारी है. प्रशासन का कहना है कि अदालत के आदेश का पूरी सख्ती से पालन किया जाएगा और किसी को भी राहत नहीं दी जाएगी. वहीं, कार्रवाई को लेकर शहर में चर्चा और सियासी हलचल भी तेज हो गई है.

    रिपोर्ट : रंजीत ओझा


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news