दो गुटों में हिंसक झड़प में फायरिंग , एक युवक गंभीर रूप से घायल

     दो गुटों में हिंसक झड़प में फायरिंग , एक युवक गंभीर रूप से घायल

    खूंटी(KHUNTI): डीएवी स्कूल के समीप आश्रमटांड़ मैदान (कंठेसा पतरा) में मंगलवार सुबह दो गुटों के बीच हुए विवाद में एक गुट के युवकों द्वारा दनादन गोलियां चला देने से शहर में सनसनी फैल गई.  दिन दहाड़े हुई गोलीबारी की इस घटना में हुटुबदाग गांव के धीरजू मुंडा नामक एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.  धीरजू के जांघ में गोली लगी है.  उसे सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया गया है.

    घायल धीरजू ने बताया कि इस गोलीबारी में उसका एक दोस्त विजय भी मामूली रूप से घायल हुआ है.  उसने बताया कि एक गोली विजय के कान को छूते हुए निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गया.  लेकिन घटना के बाद से विजय अन्यत्र फरार है.  

    एसडीपीओ अमित कुमार ने बताया कि घायल धीरजू के बयान पर आजाद रोड निवासी नईम अंसारी पिपराटोली निवासी संजय लोहरा सहित पांच नामजद व अन्य अज्ञात के विरुद्ध खूंटी थाना में मामला दर्ज किया गया है.  पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है.  एसडीपीओ ने बताया कि इस घटना में गोली चलाने वाले आरोपियों और घायल धीरजू का अपराधिक इतिहास रहा है. सभी आपराधिक मामलों पहले भी जेल जा चुके हैं.

    घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार दोनों गुटों के युवकों के बीच किसी बात पर विवाद हुआ था.  विवाद के समाधान के लिए दोनों गुट के युवक आश्रमटांड़ मैदान में इकट्ठा हुए थे.  आपसी बातचीत के दौरान जब दोनों गुटों के बीच तू तू मैं मैं होने लगा तो किसी ने इसकी सूचना खूंटी थाना की पुलिस को दे दी.  सूचना मिलते ही खूंटी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों गुट के युवकों को वहां से हटाकर वापस थाना लौट गई.

     पुलिस के लौटने के बाद फिर से दोनों गुट के युवक आपस में भिड़ गए.  विवाद बढ़ने पर एक गुट का युवक पिस्तौल निकाल लिया और दनादन गोलियां बरसानी शुरू कर दी.  गोलियां चलते ही घटनास्थल के समीप अस्थाई रूप से हड़िया और शराब बेचने वाले लोगों में भगदड़ मच गई.  बाद में पुलिस वहां पहुंची और घायल को उठाकर सदर अस्पताल पहुंचाया.

    रिपोर्ट: मुजफ्फर हुसैन,खूंटी   


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news