टीएनपी डेस्क (TNP DESK): पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड में स्थित केनरा बैंक की साकरा शाखा में दिनदहाड़े लूट की बड़ी घटना सामने आई है. पांच नकाबपोश अपराधियों ने बैंक में घुसकर हथियार के बल पर कर्मचारियों को बंधक बना लिया और करीब 15 लाख रुपये लेकर फरार हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
जानकारी के मुताबिक, वारदात उस समय हुई जब बैंक में रोज की तरह कामकाज चल रहा था और दोपहर के समय कर्मचारी लंच ब्रेक पर थे. इसी दौरान पांच लोग बैंक में दाखिल हुए. अंदर आते ही उन्होंने अपने चेहरे ढक लिए और पिस्तौल दिखाकर कर्मचारियों को डराते हुए अपने कब्जे में ले लिया. इसके बाद उन्होंने बैंक में रखी नकदी लूट ली.
लूटपाट के दौरान बदमाशों ने कर्मचारियों के पास मौजूद सोने की चेन, मोबाइल फोन और पर्स भी छीन लिए. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी तेजी से मौके से फरार हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही बहरागोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके. इसके साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है.
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सभी बदमाश मोटरसाइकिल से बैंक पहुंचे थे. लूट की वारदात के बाद वे स्थानीय रास्तों का इस्तेमाल करते हुए पश्चिम बंगाल की ओर भाग निकले. बताया जा रहा है कि भागने के दौरान उन्होंने कर्मचारियों के मोबाइल फोन रास्ते में ही फेंक दिए.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.
Thenewspost - Jharkhand
4+


