FASTag वार्षिक पास महंगा, 1 अप्रैल से लागू होंगे नए नियम

    FASTag वार्षिक पास महंगा, 1 अप्रैल से लागू होंगे नए नियम
    भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने वित्त वर्ष 2026–27 के लिए फास्टैग वार्षिक पास की कीमत में बदलाव की घोषणा की

    टीएनपी डेस्क (TNP DESK): भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने वित्त वर्ष 2026–27 के लिए फास्टैग वार्षिक पास की कीमत में बदलाव की घोषणा की है. अब तक ₹3,000 में मिलने वाला यह पास 1 अप्रैल 2026 से बढ़कर ₹3,075 हो जाएगा. प्राधिकरण के अनुसार यह राष्ट्रीय राजमार्ग शुल्क (दरों का निर्धारण और संग्रह) नियम, 2008 के प्रावधानों के तहत किया गया है. वर्तमान में देशभर में 56 लाख से अधिक लोग फास्टैग वार्षिक पास का उपयोग कर रहे हैं, जिससे साफ है कि निजी वाहन चालकों के बीच यह सुविधा तेजी से लोकप्रिय हो रही है.

    नई दरें केवल वैध फास्टैग वाले पात्र गैर-व्यावसायिक वाहनों पर लागू होंगी. इस पास के माध्यम से वाहन मालिक देश के राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर मौजूद लगभग 1,150 टोल प्लाजा से बिना बार-बार रिचार्ज की चिंता के गुजर सकते हैं. फास्टैग वार्षिक पास की सबसे बड़ी सुविधा यह है कि एक बार भुगतान करने के बाद उपयोगकर्ताओं को बार-बार  फास्टैग रिचार्ज कराने की जरूरत नहीं पड़ती. यह पास एक साल की अवधि या 200 टोल प्लाजा पार करने तक मान्य रहता है, जो भी पहले पूरा हो जाए.

    वार्षिक पास की एकमुश्त राशि जमा करने के बाद यह करीब दो घंटे के भीतर वाहन से जुड़े मौजूदा फास्टैग पर सक्रिय हो जाता है. इसका भुगतान राजमार्ग यात्रा ऐप या NHAI की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए किया जा सकता है. उल्लेखनीय है कि 15 अगस्त 2025 को शुरू की गई फास्टैग वार्षिक पास योजना को देशभर के राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ताओं से अच्छी प्रतिक्रिया मिली है. यह व्यवस्था यात्रियों को टोल भुगतान में सहूलियत देने के साथ-साथ समय और पैसे दोनों की बचत करने में मदद करती है.

     


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news