दुमका: राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का हुआ उद्घाटन, कई गणमान्य रहे उपस्थित


दुमका (DUMKA): दुमका के आउटडोर स्टेडियम में एकलव्य मॉडल आवासीय बालिका विद्यालय का राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का उद्घाटन हुआ. उद्घाटन समारोह में दुमका सांसद सुनील सोरेन, उप विकास आयुक्त कर्ण सत्यार्थी, नगर परिषद अध्यक्ष श्वेता झा शरीक हुए. सफल प्रतिभागियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया. अपने संबोधन में सांसद सुनील सोरेन ने कहा कि जब हम लोग बचपन में खेलते थे तो घरवाले डांटते थे कि खेलकूद में क्या रखा है. लेकिन अब समय बदल गया है. खेल के माध्यम से लोग अपना कैरियर बना सकते हैं. तमाम खिलाड़ियों को शुभकामना है कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल जरूर खेलें. बच्चे ही देश के भविष्य होते हैं.
मिलेगा सीखने का मौका
डीडीसी कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि खिलाड़ी खेल भावना से खेलें. कई स्कूल की छात्राएं यहां पहुंची है. अच्छाई सीखने का प्रयास करें खेल अनुशासन सिखाता है और अनुशासित व्यक्ति ही जीवन में कामयाब हो सकता है. वहीं नगर परिषद अध्यक्ष श्वेता झा ने कहा की प्रतियोगिता में कोई जीतेगा तो कोई हारेगा. हारने वाली टीम को भी बहुत कुछ सीखने का मौका मिलता है. इसलिए हार से निराश ना हो. खेल भावना से खेलें. पढ़ाई के साथ-साथ शारीरिक और मानसिक विकास भी जरूरी है.
3 दिनों तक चलेगी प्रतियोगिता
वहीं एकलव्य मॉडल आवासीय बालिका विद्यालय काठीजोरिया की वाइस प्रिंसिपल सुमिता सिंह ने कहा कि एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय काठीजोरिया द्वारा इसका आयोजन किया गया है. जिसमें दुमका, गोड्डा, लोहरदगा और सिंदरी स्थित एकलव्य विद्यालय की छात्राएं भाग ले रही है. राज्य स्तर पर सफल प्रतिभागी कर्नाटक में आयोजित नेशनल प्रतियोगिता में शिरकत करेंगे. एथलेटिक्स के सभी खेल के साथ-साथ खो खो, कबड्डी, बास्केटबॉल, शूटिंग, आर्चरी और फायरिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है. प्रतियोगिता 3 दिनों तक चलेगी.
रिपोर्ट: पंचम झा, दुमका
4+