रामगढ़ में अचानक तेज आंधी और तूफान आने से यातायात ठप, लोगों को हुई समस्या

    रामगढ़ में अचानक तेज आंधी और तूफान आने से यातायात ठप, लोगों को हुई समस्या

    TNP DESK:झारखंड के रामगढ़ जिले में कल देर रात मौसम ने अचानक करवट ले लिया था.तेज बारिश के साथ आंधी तूफान भी काफी ज्यादा देखने को मिला ,जिसके कारण जनजीवन को बहुत ज्यादा नुकसान पहुंचा है.इसी बीच टायर मोड़ स्थित होटल सत्कार के पास NH33 पर एक बड़ा पेड़ गिर गया जिसके कारण रास्ते पर काफी लंबी जाम लग गई.

    पेड़ गिरने के बाद सड़क का बड़ा हिस्सा उसकी मोटी डालियों और तने से ढक गया है. हालात ऐसे हो गए हैं कि सड़क लगभग बंद जैसी स्थिति में पहुंच गई है. सिर्फ एक संकरी जगह बची है, जहां से छोटे वाहन किसी तरह निकल पा रहे हैं. वहीं, दूसरी ओर से आने वाले बड़े वाहनों को मजबूरी में सड़क के किनारे उतरकर गुजरना पड़ रहा है, जो काफी जोखिम भरा साबित हो सकता है. इस वजह से किसी भी समय दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है.

    यह मार्ग रामगढ़ शहर के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह पटेल चौक से सुभाष चौक को जोड़ता है. रोजाना इस सड़क से बड़ी संख्या में लोग और वाहन गुजरते हैं. ऐसे में पेड़ गिरने से न केवल यातायात धीमा पड़ गया है, बल्कि लंबा जाम लगने की स्थिति भी बन गई है. खासकर ऑफिस से लौटने वाले लोगों और स्थानीय निवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

     

    स्थानीय लोगों के अनुसार, तेज हवा के कारण पेड़ अचानक गिर पड़ा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. इसके बावजूद, रास्ता बाधित होने से लोगों में चिंता बनी हुई है.

    प्रशासन और स्थानीय लोगों ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे इस मार्ग से गुजरते समय विशेष सावधानी बरतें. खासकर रात के समय अंधेरा और टूटा हुआ रास्ता खतरा बढ़ा सकता है. जब तक पेड़ को हटाकर सड़क पूरी तरह साफ नहीं कर दी जाती, तब तक लोगों को सतर्क रहकर ही सफर करने की सलाह दी जा रही है.



    Related News