चाईबासा में मुखिया का प्रमंडल स्तरीय सम्मेलन, उत्कृष्ट कार्यों के लिए मिला सम्मान

    चाईबासा में मुखिया का प्रमंडल स्तरीय सम्मेलन, उत्कृष्ट कार्यों के लिए मिला सम्मान

    चाईबासा (CHAIBASA): कोल्हान प्रमंडल के तीनों जिलों के मुखिया का प्रमंडल स्तरीय सम्मेलन  सोमवार से शुरू हुआ. यह सम्मेलन चाईबासा स्थित कोल्हान विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित किया गया. सम्मेलन में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं. कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, सिंहभूम सांसद जोबा माझी, निदेशक राजेश्वरी बी, उपायुक्त चंदन कुमार और उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया. इस अवसर पर जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकू, जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन और उपाध्यक्ष रंजीत यादव भी उपस्थित रहे.
    मुखियाओं को दिया प्रशस्ति पत्र
    सम्मेलन के दौरान मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए कहा कि पंचायत स्तर पर पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है. उन्होंने तीनों जिलों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले मुखियाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनके कार्यों की सराहना की. वहीं, विधायक सोनाराम सिंकू ने पंचायत प्रतिनिधियों की समस्याओं को उठाते हुए मंत्री से वार्ड सदस्यों और मुखियाओं के हितों का विशेष ध्यान रखने की मांग की. विधायक ने  कहा कि पंचायत स्तर पर कार्य करने वाले जनप्रतिनिधि जमीनी विकास की रीढ़ हैं, इसलिए उनके अधिकारों और सुविधाओं को मजबूत करना जरूरी है. सम्मेलन में विभिन्न पंचायत प्रतिनिधियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं के बेहतर संचालन के लिए सुझाव दिए.

    समन्वय बढ़ाना है कार्यक्रम का उद्देश्य
    कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायत स्तर पर समन्वय बढ़ाना और विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाना रहा. इस दौरान मंत्री और अन्य अतिथियों के संबोधन भी प्रस्तुत किए गए, जिसमें पंचायत सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें सामने आईं.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Related News

    Our latest news