धनबाद (DHANBAD): जिले में एक दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई है. दरअसल तालाब में नहाने गए युवक की करंट लगने से मौत हुई, जहां मृतक की पहचान नावा डीह निवासी विशाल कुमार हाड़ी के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि इलाके में शोक का माहौल है. जानकारी के अनुसार, यह हादसा धनबाद के बड़की बौआ स्थित तालाब के पास हुआ. शुक्रवार को विशाल कुमार हाड़ी रोज की तरह तालाब में नहाने गया था.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नहाने के बाद वह बाहर निकला और पानी की मोटर चलाने के लिए बिजली का तार जोड़ने लगा. इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आने से उसे जोरदार झटका लगा और वह मौके पर ही गिर पड़ा. घटना होते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत युवक को संभाला और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SNMMCH) रेफर कर दिया.
हालांकि अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने जांच के उपरांत विशाल कुमार हाड़ी को मृत घोषित कर दिया. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बिजली व्यवस्था को लेकर सावधानी बरती जाती, तो शायद यह हादसा टल सकता था. घटना के बाद इलाके के लोगों ने बिजली सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है. फिलहाल पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी है. वहीं युवक की असामयिक मौत से पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है.
रिपोर्ट : नीरज कुमार

