पलामू (PALAMU): जिले में साइबर ठगी का एक नया और चिंताजनक मामला सामने आया है. यहां उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर फर्जी व्हाट्सएप प्रोफाइल बनाया गया है, जिसके जरिए लोगों को भ्रमित करने और ठगी की कोशिश की जा रही है. इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने आम नागरिकों और अधिकारियों को सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है.
जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि कुछ अज्ञात शरारती तत्व इस नकली प्रोफाइल के माध्यम से भ्रामक संदेश भेज रहे हैं. आशंका जताई जा रही है कि इन संदेशों के जरिए लोगों से पैसे या निजी जानकारी हासिल करने की कोशिश की जा सकती है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपायुक्त के नाम से आने वाले किसी भी व्हाट्सएप या सोशल मीडिया संदेश पर बिना पुष्टि के भरोसा न करें. यदि कोई संदेश संदिग्ध लगे, तो तुरंत उसकी सच्चाई की जांच संबंधित सरकारी कार्यालय से करें.
लोगों को आगाह करते हुए प्रशासन ने कुछ जरूरी सावधानियां भी बताई हैं. किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी निजी या बैंकिंग जानकारी साझा न करें. ऐसे मैसेज या कॉल, जिनमें तत्काल कार्रवाई या पैसे की मांग की जा रही हो, उनसे विशेष रूप से सावधान रहें. साथ ही, किसी भी संदिग्ध लिंक या फाइल को खोलने से बचें. प्रशासन ने यह भी कहा है कि यदि किसी को इस तरह का कोई फर्जी मैसेज या कॉल प्राप्त होता है, तो उसकी जानकारी तुरंत पुलिस या संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके. लोगों से अपील की गई है कि वे खुद सतर्क रहें और अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करें, ताकि कोई भी इस तरह की ठगी का शिकार न बने. फिलहाल, जिला प्रशासन इस पूरे मामले की जांच कर रहा है और फर्जी प्रोफाइल बनाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी में है.


