सिमडेगा(SIMDEGA): सिमडेगा जिले के कोलेबिरा थाना क्षेत्र अंतर्गत नवाटोली इलाके से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. शनिवार को अज्ञात अपराधियों ने एक घर में घुसकर सो रही 22 वर्षीय युवती को अपना निशाना बनाया. अपराधियों ने युवती के सिर में बेहद करीब से गोली मार दी और मौके से फरार हो गए. इस घटना से हुए अचानक फायरिंग और खूनखराबे से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया.
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता की पहचान नवाटोली निवासी मोहम्मद हुसैन की पुत्री जेबा परवीन के रूप में हुई है. गोली चलने की तेज आवाज सुनकर जब परिजन और आस-पास के लोग जेबा के कमरे में पहुंचे, तो वह खून से लथपथ हालत में तड़प रही थी. परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से बिना समय गंवाए उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत रांची के रिम्स (RIMS) अस्पताल रेफर कर दिया है. फिलहाल वह जिंदगी और मौत से जूझ रही है.
इस घटना की सूचना मिलते ही कोलेबिरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई. पुलिस ने परिजनों सहित आस-पड़ोस के लोगों से पूछताछ कर रही है. अपराधियों ने इस वारदात को किस मकसद से अंजाम दिया और वे घर के अंदर कैसे दाखिल हुए, इन तमाम बिंदुओं पर पुलिस गहराई से छानबीन कर रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा, हालांकि अभी तक हमले के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है.

