रांची(RANCHI): देश के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन 28 मार्च को झारखंड के खूंटी के उलिहातू का दौरे पर रहेंगे. जो महान स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली है. उपराष्ट्रपति एक कार्यक्रम के लिए आने वाले है. वह सुबह उलिहातू पहुंचेंगे और लगभग एक घंटे तक वहां रुकेंगे. इस दौरान वे बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और उनके परिजनों से मुलाकात भी करेंगे। इसके बाद वे रांची के लिए रवाना हो जाएंगे.
यह दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि उपराष्ट्रपति पद संभालने के बाद यह उनका पहला उलिहातू दौरा होगा. इससे पहले वे झारखंड के राज्यपाल के रूप में थे. लेकिन उपराष्ट्रपति बनने के बाद पहली बार उनका ये दौरा होने वाला है. उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है.
उलिहातू के कंट्रापीढ़ी क्षेत्र और खूंटी में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) डिपो के पीछे अस्थायी हेलीपैड का निर्माण तेजी से किया जा रहा है. साथ ही, हेलीपैड और आसपास के इलाकों में साफ-सफाई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं. इससे पहले नरेंद्र मोदी के दौरे के दौरान भी इसी क्षेत्र में अस्थायी हेलीपैड बनाए गए थे और अब उपराष्ट्रपति के अस्थायी हेलीपैड बनाया जा रहा है.
अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी ने इस कार्यक्रम की पुष्टि करते हुए बताया कि उपराष्ट्रपति का कार्यक्रम लगभग एक घंटे का होगा. बुधवार को एसडीओ दीपेश कुमारी, डीएसपी वरुण रजक और खूंटी थाना पुलिस की टीम ने प्रस्तावित हेलीपैड स्थल और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया. प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि उपराष्ट्रपति के दौरे के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हों और सुरक्षा में कोई कमी न रहे.
Thenewspost - Jharkhand
4+


